SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मोबाइल-लैपटॉप से होगी कोर्ट की सुनवाई, बिहार में जमीन विवाद का होगा ऑनलाइन निपटारा, मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया सबकुछ

बिहार में जमीन विवाद खत्म करने की नई पहल सम्राट सरकार ने की है. राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि अब रैयत अपने घर से ही मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से वर्चुअल कोर्ट से जुड़ सकते हैं.

Edited By Shailendra
Published: Nov 23, 2026, 18:16 IST | Updated: Nov 23, 2026, 18:28 IST
Image Credit: बिहार में जमीन विवाद का होगा ऑनलाइन निपटारा, मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया सबकुछ (File-Photo)
Join

बिहार में जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे और राजस्व व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में सरकार ने नई पहल की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वर्चुअल राजस्व न्यायालय की ऑनलाइन व्यवस्था की शुरुआत की. अब दाखिल-खारिज, परिमार्जन और जमीन से जुड़े अन्य विवादों की सुनवाई के लिए लोगों को बार-बार राजस्व न्यायालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.

राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अब रैयत अपने घर से ही मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से वर्चुअल कोर्ट से जुड़कर अपना पक्ष रख सकेंगे. इससे लोगों का समय बचेगा और वर्षों से लंबित मामलों के निपटारे में भी तेजी आने की उम्मीद है.

मंत्री ने बताया कि वर्चुअल कोर्ट में सभी रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखे जाएंगे. पटना मुख्यालय से ही पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग होगी. किस मामले में कितनी सुनवाई हुई, कितना समय लगा और रैयत को कितनी बार कार्यालय आना पड़ा, इसकी जानकारी उपलब्ध रहेगी. कोर्ट के आदेश भी सार्वजनिक किए जाएंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे.

वहीं, अंचल और जिला कार्यालयों के बाहर सक्रिय दलालों पर लगाम लगाने के लिए भी विभाग ने फैसला लिया है. सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. संदिग्ध रूप से बार-बार कार्यालय आने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी.

अधिकारियों को जीपीएस सिस्टम से लैस लैपटॉप दिए जा रहे हैं, जिसके माध्यम से मुख्यालय से उनकी गतिविधियों और कामकाज की निगरानी की जा सकेगी.

राजस्व मंत्री ने बताया कि अब तक 144 अधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है. उन्होंने गया जिले के अतरी में दिलीप कुमार नामक पदाधिकारी पर 70 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में आरोप पत्र दाखिल किए जाने की जानकारी भी दी. एक अन्य अधिकारी कमल नयन कश्यप के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही.

वहीं, जमीन सर्वे को लेकर मंत्री ने कहा कि पहले सर्वे के बाद करीब 1975 के आसपास सर्वे हुआ था और अब फिर से सर्वे की प्रक्रिया जारी है. अब जमीन मालिकों को सर्वे के बाद पासबुक उपलब्ध कराने की योजना है. करीब 1600 मौजों में सर्वे का काम पूरा हो चुका है. सर्वे रिपोर्ट आने के साथ ही जमीन से जुड़े विवादों में कमी आने की उम्मीद है.

जिन जमीन मालिकों के पास डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हैं, उनके लिए ड्रोन और हवाई सर्वे के माध्यम से मैपिंग कराई गई है. इसी आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि विभाग का उद्देश्य राजस्व व्यवस्था को डिजिटल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है, ताकि आम लोगों को जमीन से जुड़े कामों के लिए सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े.

रिपोर्ट: सनी कुमार

यह भी पढ़ें: बिहार में करप्शन पर एक्शन, कहीं 2 अधिकारियों पर कार्रवाई, तो कहीं रिश्वत लेते DPM गिरफ्तार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES