आनंद मोहन की रिहाई पर कांग्रेस का NDA पर हमला' बोले - दूध की मक्खी की तरह बाहर फेंक दिया'...
सुप्रीम कोर्ट के आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई रद्द करने और एक महीने में सरेंडर के आदेश के बाद पटना में बेटे चेतन और पत्नी लवली आनंद ने समाज के लोगों के साथ बैठक की. इस मुद्दे पर JDU, RJD, BJP और कांग्रेस के नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं.
बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई रद्द होने के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है. सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में हुई डीएम की हत्या के मामले में आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है. इस फैसले के बाद उनके परिवार ने पटना में अपने समाज के लोगों के साथ बैठक की. उनके बेटे और विधायक चेतन आनंद के पटना स्थित विधायक आवास पर हुई इस बैठक में सांसद लवली आनंद भी मौजूद रहीं. बैठक को लेकर अब अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. JDU ने इसे न्यायपालिका का फैसला बताया है, जबकि RJD और कांग्रेस ने सरकार पर सवाल उठाए हैं. वहीं, BJP ने बैठक को सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया बताया.
पटना में चेतन आनंद के आवास पर हुई बैठक
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद चेतन आनंद ने पटना स्थित अपने विधायक आवास पर समाज के लोगों के साथ बैठक की. इसमें उनकी मां और सांसद लवली आनंद भी शामिल हुईं. बैठक के बाद बिहार की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है. अलग-अलग दलों के नेताओं ने इस बैठक और आनंद मोहन की रिहाई से जुड़े फैसले पर अपनी राय रखी.
JDU बोली- यह राजनीतिक नहीं, संवैधानिक फैसला
JDU विधायक और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि यह कोई राजनीतिक निर्णय नहीं, बल्कि संवैधानिक निर्णय है. न्यायपालिका के फैसले पर टिप्पणी करना तर्कसंगत और न्यायसंगत नहीं है. उन्होंने कहा कि अदालत ने सभी संदर्भों और तथ्यों को देखने के बाद फैसला दिया होगा. ऐसे में वह इस निर्णय पर कोई टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं.
RJD ने प्रताड़ना और बदले की राजनीति का मुद्दा उठाया
RJD प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि तेजस्वी यादव ने पहले ही विधानसभा में चेतन आनंद को उनके कृत्य के परिणाम भुगतने की बात कही थी. उन्होंने आरोप लगाया कि अब आनंद मोहन के परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है और सत्ता के जरिए राजनीतिक खेल हो रहा है. एजाज अहमद ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने पर किसी के परिवार को प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने बिहार में बदले की भावना से राजनीति किए जाने का आरोप भी लगाया.
BJP ने बैठक को बताया सामान्य प्रक्रिया
BJP प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने कहा कि आनंद मोहन के परिवार के लिए यह दुखद खबर है. उन्होंने कहा कि जब किसी बड़े नेता के साथ ऐसी घटना होती है तो उनके शुभचिंतक मिलने और बात करने के लिए संपर्क करते हैं. ऐसे में चेतन आनंद का लोगों को बुलाकर बैठक करना सामान्य प्रक्रिया है. उन्होंने इसे अपने शुभचिंतकों को संतुष्ट करने का तरीका बताया.
कांग्रेस ने NDA पर साधा निशाना
कांग्रेस की पूर्व विधायक प्रतिमा कुमारी ने केंद्र और बिहार की NDA सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने फायदे और जरूरत के हिसाब से कानून में बदलाव करती है. जब काम निकल जाता है तो आनंद मोहन को दूध की मक्खी की तरह बाहर कर दिया जाता है. उन्होंने कहा कि BJP और JDU किसी समाज की हितैषी नहीं हैं और समय-समय पर लोगों का इस्तेमाल करके उनसे किनारा कर लेती हैं. आनंद मोहन के सरेंडर के आदेश के बाद परिवार की बैठक और उस पर आ रही राजनीतिक प्रतिक्रियाओं ने बिहार में इस मुद्दे को नई सियासी चर्चा का विषय बना दिया है.
ये भी पढ़ें- आनंद मोहन को फिर जाना होगा जेल? रिहाई रद्द होने के फैसले से नाराज परिवार, बेटे चेतन आनंद ने बुलाई बैठक
रूपेंद्र श्रीवास्तव की रिपोर्ट