कभी श्वेता, कभी अनिता तो कभी कल्पना... 9 साल से पुलिस को चकमा देने वाली नक्सली महिला गिरफ्तार, 1 लाख का इनाम था सिर पर
Muzaffarpur Crime News: बिहार में एक लाख की इनामी महिला नक्सली विनिता भारती को बेगूसराय से गिरफ्तार किया गया है. वह 2017 में दर्ज मामले में फरार थी. मुजफ्फरपुर पुलिस, बेगूसराय पुलिस और STF ने संयुक्त कार्रवाई की. उसके खिलाफ UAPA और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं.
Bihar Crime News: बिहार में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने एक लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली विनिता भारती को बेगूसराय जिले से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, वह प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़ी बताई जा रही है और वर्ष 2017 में दर्ज एक आपराधिक मामले में लंबे समय से फरार थी. उसकी गिरफ्तारी के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस, बेगूसराय पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई की.
पांच अलग-अलग नामों से जानी जाती थी महिला नक्सली
गिरफ्तार महिला की पहचान विनिता भारती उर्फ श्वेता उर्फ अनिता उर्फ प्रतिमा उर्फ कल्पना के रूप में हुई है. वह मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के महुली की रहने वाली है. पुलिस के अनुसार, विनिता के खिलाफ 15 जनवरी 2017 को पारू थाने में आपराधिक मामला दर्ज हुआ था. इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन लगातार ठिकाने बदलने के कारण वह गिरफ्तारी से बच रही थी. बिहार पुलिस मुख्यालय ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था.
बेगूसराय में छिपे होने की मिली सूचना
मुजफ्फरपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार महिला नक्सली बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र में रह रही है. सूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर पुलिस और एसटीएफ की टीम बेगूसराय पहुंची. वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की योजना बनाई गई. इसके बाद संयुक्त टीम ने बछवाड़ा थाना क्षेत्र के बछौली गांव स्थित काली मंदिर के पास से विनिता भारती को गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें- चुपके से सीढ़ियों की तरफ गए शिक्षक-शिक्षिका, करने लगे गंदा काम, वायरल वीडियो से मचा बवाल
UAPA और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला के खिलाफ मुजफ्फरपुर के पारू और सरैया समेत बिहार के कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम यानी UAPA से जुड़े मामले भी शामिल हैं. मुजफ्फरपुर के अलावा बाल्मीकिनगर और लौकरिया थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज बताए गए हैं.
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी
पुलिस लंबे समय से विनिता भारती की तलाश में जुटी थी. बेगूसराय में उसके ठिकाने की जानकारी मिलने के बाद तीनों पुलिस टीमों ने मिलकर कार्रवाई की. फिलहाल गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है. पुलिस उसके खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
मनितोष कुमार की रिपोर्ट