)
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए आज यानी शुक्रवार (23 अक्टूबर) को मतदान होना है. चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव मैदान में कुल 150 उम्मीदवार हैं. मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी.
निर्वाचन आयोग के अनुसार, आठों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 5,32,847 मतदाता पंजीकृत हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता हैं. तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 1,43,988 मतदाता हैं. इसके बाद कोसी में 1,34,072, दरभंगा में 1,26,951 और पटना में 87,583 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता हैं. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 11,719 मतदाता हैं, जबकि सारण में 10,748, दरभंगा में 9,026 और तिरहुत में 8,760 मतदाता हैं. जिन सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.
चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दल भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) चार-चार सीटों पर मैदान में हैं. भाजपा ने पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, तिरहुत स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है.
जदयू ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय और सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर को मैदान में उतारा है.
वहीं, जन सुराज पार्टी सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है. पार्टी ने पटना स्नातक से अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से विमोहन कुमार, तिरहुत शिक्षक से श्याम नंदन यादव और सारण शिक्षक से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है. अफाक अहमद इस सीट से दोबारा चुनाव मैदान में हैं.
वर्तमान में शिक्षक सीट पर पटना में भाजपा, सारण में निर्दलीय, तिरहुत में भाकपा, दरभंगा में कांग्रेस का कब्जा है, जबकि स्नातक क्षेत्र में पटना में जदयू, दरभंगा और तिरहुत में निर्दलीय और कोसी में भाजपा का कब्जा है.
जन सुराज ने पटना शिक्षक से दिव्य ज्योति, दरभंगा शिक्षक से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से मोहम्मद इम्तियाज नूरानी और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को टिकट दिया है. राजद ने स्नातक क्षेत्र में पटना , दरभंगा, तिरहुत, कोसी और शिक्षक सीट पर पटना और सारण में प्रत्याशी उतारे है.
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 40 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं, पटना शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 18-18 प्रत्याशी मैदान में हैं. कई सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी जीत के लिए जोर लगा रहे हैं. ऐसे में शुक्रवार को होने वाले मतदान पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशियों की भी निगाहें टिकी हैं.
-आईएएनएस