SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार एमएलसी चुनाव: 150 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 5,32,547 मतदाता, 8 सीटों पर मतदान कल

पटना स्नातक सीट पर मोकामा विधायक अनंत सिंह की बगावत के बीच कल शुक्रवार को विधान परिषद की 8 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे. यह विधान परिषद चुनाव अनंत सिंह की वजह से रोचक हो गया है. कल के बाद सभी की नजरें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिक जाएंगी.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Oct 22, 2026, 05:26 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 06:56 PM IST
Image Credit: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर कल मतदान होगा. (AI Image)
Join

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा. मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा. पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की 4 स्नातक और 4 शिक्षक ​सीटों पर मतदान कराया जाएगा. मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई है. स्नातक निर्वाचन में कुल 4 लाख 92 हजार 594 मतदाता हैं, तो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 40,253 मतदाता हैं. बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है. यह मतदान बैलेट पेपर से होगा. डिस्पैच सेंटर से मतपेटिका और मतदान सामग्री को मतदान केंद्र तक ले जाने का सिलसिला शुरू हो चुका है.

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 150 उम्मीदवार मैदान में हैं और इसके लिए 993 बूथ बनाए गए हैं. सभी मतदान केंद्र पर बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किए गए हैं. स्नातक के लिए 90 और शिक्षक क्षेत्र के लिए 60 उम्मीदवारों की किस्मत शुक्रवार को बैलेट बॉक्स में लॉक हो जाएगा और 27 अक्टूबर को उनकी किस्मत का ताला खुलेगा.

बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: उम्मीदवारों की सूची

RJD के उम्मीदवार - 7 सीटें

सीटउम्मीदवारपार्टी
पटना शिक्षकडॉ. संजीव कुमार सिंहRJD
पटना स्नातकदिलीप कुमारRJD
कोसी स्नातकनितेश कुमारRJD
दरभंगा स्नातकअनिल कुमार झाRJD
सारण शिक्षकप्रो. जयराम यादवRJD
तिरहुत स्नातकडॉ. रश्मि विनायक गौतमRJD
दरभंगा शिक्षककुंवर रायRJD

NDA के उम्मीदवार - 8 सीटें

सीटउम्मीदवारपार्टी
पटना स्नातकनीरज कुमारJDU
दरभंगा स्नातकसर्वेश कुमारBJP
तिरहुत स्नातकअभिषेक झाJDU
कोसी स्नातकडॉ. एन.के. यादवBJP
पटना शिक्षकनवल किशोर यादवBJP
दरभंगा शिक्षकघनश्याम रायJDU
तिरहुत शिक्षकनरेंद्र प्रसाद सिंहBJP
सारण शिक्षकआनंद पुष्करJDU

कांग्रेस के उम्मीदवार - 5 सीटें

सीटउम्मीदवारपार्टी
पटना स्नातकडॉ. असदुल्लाह खानकांग्रेस
दरभंगा स्नातकरजनीकांत पाठककांग्रेस
कोसी स्नातकमनोज कुमार जायसवालकांग्रेस
पटना शिक्षकडॉ. संजय यादवकांग्रेस
दरभंगा शिक्षकडॉ. मदन मोहन झाकांग्रेस

जन सुराज के उम्मीदवार - 8 सीटें

सीटउम्मीदवारपार्टी
पटना स्नातकडॉ. अनुज सिंहजन सुराज
पटना शिक्षकदिव्या ज्योतिजन सुराज
तिरहुत स्नातकडॉ. विमोहन कुमारजन सुराज
तिरहुत शिक्षकश्यामनंदन यादवजन सुराज
दरभंगा स्नातकडॉ. मो. इम्तियाज नूरानीजन सुराज
दरभंगा शिक्षकएस.पी. रायजन सुराज
सारण शिक्षकअफाक अहमदजन सुराज
कोसी स्नातकरजनीश रंजनजन सुराज

कोसी स्नातक चुनाव में 24,514 वोटर देंगे वोट

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसी कड़ी में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अलंकृता पांडे और एसएसपी ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं चुनाव पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने को कहा गया है.

जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भागलपुर जिले में कुल 24,514 मतदाता पंजीकृत हैं. इनमें 17,838 पुरुष, 6,674 महिला और दो अन्य वोटर शामिल हैं. जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में मतदान केंद्र तय किए गए हैं. नारायणपुर और बिहपुर प्रखंड कार्यालय भवन में मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सुल्तानगंज, शाहकुंड, नाथनगर और जगदीशपुर प्रखंड कार्यालय भवन में भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इसके अलावा सबौर प्रखंड कार्यालय भवन में मतदान की व्यवस्था की गई है.

READ ALSO: नीतीश कुमार न उनके साथ और न ही नीरज कुमार के साथ, विधान परिषद चुनाव से ऐन पहले अनंत सिंह का दावा

भागलपुर शहरी क्षेत्र में नगर भवन स्थित टाउन हॉल और जिला कृषि कार्यालय भवन में मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं. वहीं, नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र के अंतर्गत खरीक, नवगछिया, गोपालपुर और रंगरा चौक प्रखंड कार्यालय भवन में मतदान होगा. पीरपैंती प्रखंड कार्यालय भवन, कहलगांव प्रखंड कार्यालय भवन और कहलगांव प्रखंड परिसर स्थित लोहिया भवन के साथ सन्हौला प्रखंड कार्यालय भवन में भी मतदान केंद्र बनाए गए हैं.

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: 10,748 वोटर 18 प्रत्याशियों के भाग्य का करेंगे फैसला

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. गुरुवार को शहर स्थित प्रेक्षागृह में मतदान दलों का पार्टी मिलान और ब्रीफिंग की गई. तीसरा और अंतिम प्रशिक्षण पूरा होने के बाद मतदान कर्मी बैलेट पेपर, मतपेटी और अन्य आवश्यक निर्वाचन सामग्री लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए. 
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. प्रेक्षागृह में आयोजित ब्रीफिंग में मतदानकर्मियों के साथ पुलिसबल, माइक्रो ऑब्जर्वर, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल के अधिकारी शामिल हुए.

प्रशिक्षण और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदानकर्मियों ने जिला कोषागार से बैलेट पेपर, मतपेटी तथा अन्य निर्वाचन सामग्री प्राप्त की. इसके बाद सभी दलों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. अधिकारियों को समय पर केंद्रों पर पहुंचकर मतदान संबंधी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया है.

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तहत पांच जिलों के 98 मतदान केंद्रों पर 10,748 मतदाता 18 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां की हैं.

चुनाव की तैयारियां पूरी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पटना के आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की भी तैनाती की गई है. पूरे क्षेत्र में सघन निगरानी और पेट्रोलिंग के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं.

READ ALSO: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान कल, 150 उम्मीदवार मैदान में, 27 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट

आईजी ने कहा कि मतदान के दौरान वरीय पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे और हर गतिविधि पर नजर रखेंगे. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी डर या दबाव के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें.

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए संबंधित पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.

प्रशासन का लक्ष्य शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान कराना है. साथ ही, आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करते हुए सामान्य जनजीवन और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं.

रजनीश, रूपेंद्र श्रीवास्तव, प्रकाश सिन्हा, राकेश और अश्वनी कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES