SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

प्रचार का शोर थमा, दांव पर किस्मत, बिहार की 8 एमएलसी सीटों के लिए 23 अक्टूबर को होगी वोटिंग, पटना स्नातक सीट पर सबकी नजर

बिहार एमएलसी चुनाव के लिए 21 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को आठ सीटों पर प्रचार समाप्त हो गया. अब 23 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार को मतदान होगा. वहीं, पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज कुमार सिंह के बीच मुकाबला है. इस सीट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.

Edited By Shailendra
Published: Oct 21, 2026, 10:31 PM IST | Updated: Oct 21, 2026, 10:34 PM IST
Image Credit: बिहार MLC चुनाव के लिए प्रचार खत्म, आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग (Photo-AI)
Join

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बुधवार को प्रचार का शोर थम गया. अंतिम दिन बीजेपी, जदयू, राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस और जन सुराज समेत विभिन्न दलों के प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी. 4 स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA), महागठबंधन और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के बीच मुकाबला बहुकोणीय हो गया है.

‎इन आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है. चुनाव में कुल 150 प्रत्याशी मैदान में हैं. निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के लिए 933 केंद्र बनाए गए हैं. ‎चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने व्यक्तिगत जनसंपर्क के साथ-साथ टेलीफोन और वॉयस मैसेज के जरिए भी मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की. कई उम्मीदवारों की आवाज मतदाताओं के मोबाइल फोन पर लगातार सुनाई देती रही.

राजनीतिक दलों ने अपने समर्थकों को गोलबंद करने और मतदान के दिन अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया. इस चुनाव में एनडीए ने सीटों के बंटवारे के तहत बीजेपी और जदयू के बीच चार-चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. वहीं, महागठबंधन के घटक दलों के बीच कुछ सीटों पर तालमेल की चुनौती दिखाई दे रही है. जन सुराज ने सभी आठ सीटों पर प्रत्याशी उतारकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है.

‎पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस चुनाव में सबसे अधिक चर्चा में है. यहां जदयू के मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार एक बार फिर जीत दर्ज करने के प्रयास में हैं. उनके सामने जन सुराज के अनुज सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं. राजद ने दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है. इस सीट पर जदयू विधायक अनंत सिंह के अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करने से मुकाबला और चर्चा में आ गया है.

चुनाव प्रचार के बीच नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की खबर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी. उनके स्वास्थ्य को लेकर पार्टी समर्थकों और नेताओं की नजर बनी हुई है. इस घटनाक्रम के बीच अनंत सिंह ने अनुज सिंह की जीत का दावा दोहराया है. ‎स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी शामिल हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीटों पर मतदान होगा. इन सीटों पर मौजूदा विधान पार्षदों के सामने अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की चुनौती है.

‎हालांकि, अंतिम चरण में सभी दलों ने अपने-अपने समीकरण साधने के लिए स्थानीय नेताओं और समर्थकों को सक्रिय रखा. अब उम्मीदवारों की रणनीति मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने पर केंद्रित रहेगी. अब प्रचार समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों की नजर मतदान पर टिकी है. 23 अक्टूबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि मतदाता किस दल और उम्मीदवार पर भरोसा जताते हैं. 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद आठों सीटों के परिणाम सामने आएंगे.

इनपुट: आईएएनएस

यह भी पढे़ं: 'इस बार टोटका नहीं चलेगा', नीरज कुमार पर फिर अनंत सिंह का प्रहार, इधर जदयू ने जारी किया लेटर

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES