Bihar MLC Election 2026: मुजफ्फरपुर में मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की, पूर्णिया में पोस्टर को लेकर बवाल, भिड़े जन सुराज और बीजेपी के समर्थक
एमएलसी चुनाव के लिए वोटिंग के बीच मुजफ्फरपुर और पूर्णिया से बवाल की खबरे सामने आई. पूर्णिया में भारतीय जनता पार्टी और जन सुराज के समर्थक आमने-सामने आ गए. वहीं, मुजफ्फरपुर में मजिस्ट्रेट के साथ भीड़ ने धक्का-मुक्की की घटना कर दी. फिलहाल, दोनों जगहों पर मामला शांत है.
बिहार विधान परिषद चुनाव के तहत 23 अक्टूबर शुक्रवार को मतदान हो रहा है. इस बीत मुजफ्फरपुर के समाहरणालय परिसर में हंगामे की खबर सामने आई है. इस दौरान मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की किए जाने की भी खबर है. मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की किए जाने का वीडियो सामने आया है. वहीं, पूर्णिया के नगर निगम मतदान केंद्र पर एमएलसी चुनाव के दौरान हंगामा देखने को मिला. आरोप यह है कि बीजेपी प्रत्याशी डॉ. एन. के. यादव के समर्थक मतदान केंद्र पर लगे टेंट में कैंडिडेट का पोस्टर लगा रखे थे, जिसका जनसुराज कार्यकर्ताओं ने विरोध किया. इस दौरान बीजेपी और जन सुराज के समर्थक के बीच हंगामा हो गया.
मुजफ्फरपुर में मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की
दरसअल, तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन का चुनाव हो रहा है. ऐसे में मुजफ्फरपुर समाहरणालय स्थित एसडीएम कार्यालय स्थित मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशियों का कैंप लगा हुआ है. इसी दौरान वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई. भीड़ को खाली करने के लिए वहां पर तैनात मजिस्ट्रेट पहुंचे थे, जब वे लोगों से भीड़ नहीं लगाने की बात कर रहे थे, तो भीड़ में शामिल प्रत्याशियों के समर्थकों ने मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी. सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
पूर्णिया में बीजेपी और जनसुराज आमने-सामने
पूर्णिया के नगर निगम मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान हंगामा हो गया. बीजेपी प्रत्याशी डॉ. एन. के. यादव के समर्थक मतदान केंद्र पर लगे टेंट में कैंडिडेट का पोस्टर लगा रखे थे. मतदाताओं को नाम वाली पर्ची बांट रहे थे, जिसका जनसुराज कार्यकर्ताओं ने विरोध किया. शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने फौरन कार्रवाई की.
बताया जा रहा है कि नगर निगम स्थित बूथ पर कई दलों ने मतदाता सहायता केंद्र के नाम पर टेंट लगा रखे थे. इसी दौरान बीजेपी प्रत्याशी के समर्थकों की ओर से डॉक्टर एन. के. यादव के नाम वाली मतदाता पर्ची बांटने का और टेंट में प्रत्याशी का फोटो पोस्टर लगाने का आरोप लगा. जनसुराज कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध करते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की.
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम अंशुल कुमार ने तत्काल बैनर-पोस्टर हटाने और नाम वाली पर्ची पर रोक लगाने का निर्देश दिया. इस पर बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, जानकारी मिलते ही उन्होंने रोक लगा दी. व,हीं जनसुराज के जिला अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मोहन कुमार ने बीजेपी पर सत्ता के दुरुपयोग और आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया.
मुजफ्फरपुर से मणितोष कुमार और पूर्णिया से संतोष प्रमाणिक की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: बिहार MLC चुनाव के बीच आपस में भिड़े अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक, धक्का-मुक्की के बाद 5 हिरासत में