SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन, सभी के अपने-अपने दावे

प्रचार के अंतिम ​दिन सभी दल अपनी ताकत झोंक रहे हैं और जीत के दावे कर रहे हैं. सभी दलों के अपने-अपने तर्क भी हैं, लेकिन कोई भी अपनी कमजोर पर फोकस नहीं कर पा रहा है. एक बात तो है कि इस बार एनडीए में भितरघात का डर पहले से कही ज्यादा है. अनंत सिंह ने बगावत का बिगुल फूंक दिया है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Oct 21, 2026, 01:17 PM IST | Updated: Oct 21, 2026, 01:25 PM IST
Image Credit: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन है. (File Photo)
Join

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हो रहे एमएलसी चुनाव को लेकर आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है. शाम होते ही प्रचार का शोर थम जाएगा. चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हो रहे चुनावों में प्रत्याशियों की ओर से पूरी ताकत झोंकी जा रही है. 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी. मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर, 2026 को खत्म हो रहा है, जिसके चलते यह चुनाव कराया जा रहा है.

वहीं, इस चुनाव में पटना स्नातक सीट से जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर सियासी हलचल तेज है. मोकामा विधायक अनंत सिंह नीरज कुमार का विरोध करते हुए अनुज कुमार को समर्थन दे रहे हैं. इसके अलावा, कई सीटों पर राजद और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं, जिससे चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है. अब सभी की नजरें 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान और 27 अक्टूबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं.

READ ALSO: नीरज सिंह ही नहीं, अनंत सिंह की भी दांव पर साख! क्यों दिलचस्प हुई पटना स्नातक चुनाव की लड़ाई?

सभी 8 सीटों पर होगी एनडीए की जीत: विजय कुमार चौधरी

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हो रहे चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने एनडीए के पक्ष में माहौल होने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि वे खुद पूरे प्रदेश में घूमे हैं और उन्हें विश्वास है कि एनडीए के सभी आठों उम्मीदवार भारी मतों से जीत हासिल करेंगे.

अनंत सिंह का विरोध अप्रभावी: प्रभाकर मिश्रा

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने विपक्ष की एकजुटता पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस कई सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं, पटना स्नातक सीट पर मोकामा विधायक अनंत सिंह के अलग समर्थन को एनडीए उम्मीदवार के लिए अप्रभावी बताते हुए उन्होंने सभी आठों सीटों पर जीत का दावा किया.

लड़ाई कभी फ्रेंडली होती है क्या: श्याम रजक

जेडीयू विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि चुनाव प्रचार भले ही खत्म हो गया है, लेकिन एनडीए के उम्मीदवार छह साल तक मतदाताओं के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करते हैं. उन्होंने 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान और 27 अक्टूबर को आने वाले नतीजों में एनडीए के सभी आठों उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया. विपक्ष की फ्रेंडली फाइट पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि लड़ाई कभी फ्रेंडली होती है क्या?

तेजस्वी यादव के पक्ष में आएंगे नतीजे: एजाज अहमद

राजद प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए पर अंदरूनी मतभेद और गुटबाजी का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि एनडीए अपने विधायकों और नेताओं को एकजुट रखने में असफल है और कई जगहों पर उसके नेता एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. एजाज अहमद ने दावा किया कि 27 अक्टूबर को आने वाले नतीजों में शिक्षकों और स्नातकों का तेजस्वी यादव के प्रति समर्थन सामने आएगा.

युवाओं और शिक्षकों के हक में आवाज उठा रही कांग्रेस: स्नेहाशीष

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि हमारी पार्टी ने शिक्षकों के अधिकार, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाया है. उन्होंने वित्त रहित, संस्कृत और मदरसा शिक्षकों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के शिक्षकों के मुद्दों पर पार्टी के संघर्ष का जिक्र किया. उन्होंने एनडीए पर अंदरूनी गुटबाजी और वोटों के बिखराव का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार युवाओं और शिक्षकों के हक में आवाज उठा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES