Bihar Flood Alert: नेपाल में बूढ़ी गंडक ने मचाई तबाही, बिहार के सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट
Bihar Flood Alert: नेपाल के गोरखा में बूढ़ी गंडक नदी का तांडव देखने को मिल रहा है. वहीं, बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है. गंडक और बूढ़ी गंडक नदियों के जलस्तर और बहाव में अचानक बढ़ोतरी की आशंका है.
नेपाल में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा का कहर देखने को मिल रहा है. नेपाल के गोरखा जिले के बूढ़ी गंडक नदी में अचानक बाढ़ ने तबाही मचा दी है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो बेहद खौफनाक दिख रहा है. नेपाल से मिली जानकारी के बाद बिहार में भी गंडक और बूढ़ी गंडक नदियों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है.
तटबंधों की सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं. गंडक (नारायणी) नदी बेसिन में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है. नेपाल सरकार से मिली जानकारी के अनुसार, अरुघाट गेज स्टेशन पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. गंडक और बूढ़ी गंडक नदियों के जलस्तर और बहाव में अचानक बढ़ोतरी की आशंका है. जलस्तर बढ़ने से तटबंधों और अन्य संरचनाओं पर दबाव बढ़ सकता है.
तटबंधों पर तैनात कर्मी रहे सतर्क
जल संसाधन विभाग ने सभी संबंधित इंजीनियरों को बाढ़ से निपटने के लिए जरूरी सामग्री, मैनपावर और रोशनी की व्यवस्था तैयार रखने का निर्देश दिया है. तटबंधों की सुरक्षा के लिए समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं. साथ ही, दिन-रात सतत निगरानी और चौकसी बरतते हुए तटबंधों और संरचनाओं को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है. तटबंधों पर तैनात कर्मियों को सजग और लगातार सक्रिय रहने को कहा गया है. इतना ही नहीं, प्रशासन ने तटबंधों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने और संभावित बाढ़ के खतरों से निपटने की तैयारी करने के निर्देश जारी किए हैं.
केन्द्रीय जल आयोग (CWC), नई दिल्ली ने बिहार और यूपी के लिए विशेष सलाह जारी की है.
नेपाल क्षेत्र में स्थिति:
नारायणी (गंडक) नदी के ऊपरी हिस्सों में अचानक आई बाढ़ (Flash flood) के कारण, नेपाल स्थित बूढ़ी गंडकी नदी (नारायणी/गंडक नदी की सहायक नदी) के आरूघाट (Aarughat) में जल स्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई थी. नेपाल में स्थित जल-वैज्ञानिक अवलोकन स्थलों (HO sites) पर जल स्तर बढ़ने के बाद अब यह घटने लगा है.
यह भी पढ़ें: नेपाल के गोरखा में बूढ़ी गंडक नदी में तबाही: उफान में बहे घर और पुल, मोतिहारी में बाढ़ का खतरा
भारत पर प्रभाव:
बाढ़ का यह पानी गंडक नदी में नीचे की ओर (Downstream) बहेगा. हालांकि, भारतीय सीमा तक पहुंचते-पहुंचते बाढ़ की लहर में काफी कमी (Attenuation) आने की संभावना है, जिसके कारण भारत में इसका प्रभाव नगण्य (Insignificant) रहेगा.
सतर्कता एवं निर्देश:
गंडक बैराज (Valmiki Nagar) में पानी की आवक (Inflow) में मामूली वृद्धि होने की संभावना है. भारत-नेपाल सीमा के पास तथा बिहार एवं उत्तर प्रदेश राज्यों में गंडक नदी के तटीय निचले इलाकों के स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने और स्थिति की निरंतर निगरानी करने की सलाह दी जाती है.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा