बिहार में भूकंपः नेपाल तक डोली धरती, मधुबनी में घर से बाहर निकले लोग, भागलपुर में भी महसूस हुए झटके
बिहार में सुबह 7 बजे के करीब भूकंप आने से कुछ सेकंड के लिए धरती हिलने से कई लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. इसकी तीव्रता 5.3 मापी गई है.
लोग मंगलवार की सुबह-सुबह गहरी नींद में सो रहे थे. तभी बिहार में भूकंप के झटकों से लोगों में हड़कंप मच गया. करीब 7 बजकर दो मिनट पर पटना समेत कई जिलों में धरती हिलने से लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. बताया जा रहा है कि धरती कुछ सेकंड तक हिली. हालांकि, भूकंप की तीव्रता काफी कम बताई जा रही है, जिसके चलते ठंड की वजह से कई लोगों को झटकों का पता भी नहीं चला.
मिली जानकारी के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई है. इसका केंद्र पड़ोसी देश नेपाल के कोशी में जमीन से करीब 20 किमी नीचे बताया जा रहा है. हालांकि, बिहार में इस भूकंप से किसी भी तरह का कोई प्रभाव देखने को नहीं मिला है.
कहां-कहां झटके महसूस हुए
वहीं पटना, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया समेत कई जिलों में सुबह सात बजकर दो मिनट पर इसके झटके महसूस किए गए. कई जगह तो लोग अपने घरों से बाहर तक निकल गए. हालांकि अब सबकुछ सामान्य है.
20KM जमीन के नीचे था केंद्र
सिस्मोलॉजिस्ट से मिली जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था. बताया गया है कि इसकी गहराई जमीन से लगभग 20 किमी नीचे थी. इसका केंद्र बिहार के मुजफ्फरपुर से लगभग 300 किमी उत्तर-पूर्व दिशा में था.