भोजपुरी ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव के प्रोग्राम में बवाल, गाना सुनते ही बेकाबू हो गए दर्शक और करने लगे तोड़फोड़, पुलिस ने भांजी लाठियां
भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का नालंदा में एक स्टेज प्रोग्राम था. इस प्रोग्राम के दौरान दर्शकों की तरफ से पत्थरबाजी और हंगामा करने का मामला सामने आया है. हंगामा कर रहे दर्शकों ने कार्यक्रम में तोड़फोड़ की. इसके बाद पुलिस ने लाठी भांजी. हालात बेकाबू होता देख कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा.
नालंदा जिला के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के शेखअल्ली गांव में भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में जमकर बवाल हुआ. तिलक समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दर्शक बेकाबू हो गए. देखते ही देखते रोड़ेबाजी, लाठीचार्ज और जमकर तोड़फोड़ शुरू हो गई. हालात इतने बिगड़ गए कि आखिरकार कार्यक्रम को बीच में ही बंद करना पड़ा.
दरसअल, शेखअल्ली गांव में चंद्रशेखर कुमार के पुत्र के तिलक समारोह के मौके पर भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. शुरुआत में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन जैसे-जैसे भोजपुरी गानों का सिलसिला आगे बढ़ा, भीड़ बेकाबू होने लगी. इसी दौरान दर्शकों के बीच रोड़ेबाजी शुरू हो गई. खेसारी लाल यादव खुद मंच से लोगों को समझाते और शांति बनाए रखने की अपील करते नजर आए. उन्होंने लोगों से कहा कि पत्थर नहीं, फूल बरसाइए.
हंगामा बढ़ने पर सुरक्षाकर्मियों की ओर से लाठीचार्ज किया गया, जिसके बाद गुस्साए दर्शकों ने दर्जनों कुर्सियां तोड़कर आग के हवाले कर दी. मौके पर अफरातफरी मच गई. सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने की काफी कोशिश की, लेकिन हालात नियंत्रित नहीं होने पर कार्यक्रम बंद करना पड़ा.
डीएसपी टू ऋषिराज ने बताया कि कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी. भीड़ नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया. वहीं, कार्यक्रम की अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.
पवन सिंह के कार्यक्रम में भी हो चुका है हंगामा
बता दें कि इससे पहले 14 नवंबर की रात रोहतास जिला के दिनारा में मां भलुनी भवानी देवी स्थान में 'मां भलुनी भवानी महोत्सव' के दौरान भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह प्रोग्राम में बवाल हो गया था. बताया गया कि पवन सिंह की तरफ से महोत्सव के मंच पर द्विअर्थी और अश्लील गाना गाने पर लोगों ने हंगामा कर दिया था. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने विरोध जाताया और जमकर कुर्सियों को तोड़ दिया था. इस दौरान पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज भी किया था.
दरअसल, 'मां भलुनी भवानी महोत्सव' में पवन सिंह को देखने आए लोगों ने इसका खुलकर विरोध किया. पुलिस ने जब लोगों पर लाठियां भांजनी शुरू की, तो वह भागने लगे थे. इस दौरान कार्यक्रम में रखी कई कुर्सियों को भीड़ ने तोड़ दी गई थी.
रिपोर्ट: ऋषिकेश कुमार