बेतिया GMCH में बड़ी लापरवाही, तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बेतिया के GMCH में तीसरी मंजिल से गिरकर एक मरीज की मौत हो गई. मृतक की पहचान बैरिया थाना क्षेत्र के ताधवानंदपुर गांव निवासी छठु पासवान के रूप में हुई है. वह देर रात अपने बेड से उठकर वार्ड से बाहर निकल गए. इसी दौरान सीढ़ियों से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई.
बेतिया के सरकारी अस्पताल GMCH से लापरवाही की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आस्पताल के तीसरी मंजिल से गिरकर एक मरीज की मौत हो गई. उस मृतक की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के बैरिया के ताधवानंदपुर गांव निवासी छठु पासवान के रूप में हुई है. मृतक कुछ दिन से अस्पताल में भर्ती था और उसका इलाज चल रहा था. ऐसा बताया जा रहा है कि देर रात वह अपने बेड से उठकर वार्ड से बाहर निकले. इसी दौरान सीढ़ियों से गिरकर उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है.
तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, छठु पासवान का GMCH में इलाज चल रहा था. बीती देर रात वह अपने वार्ड से निकलकर सीढ़ियों की तरफ चले गए. इसी दौरान गिरने से उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. अस्पताल में भर्ती मरीज की इस तरह मौत होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
ये भी पढ़ें: प्रशासन की कस्टडी से शौच के बहाने भाग निकला शातिर चोर, बेतिया पुलिस की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बताया जा रहा है कि GMCH के सभी गेट पर सुरक्षाकर्मि रहते है. इसके बाद भी मरीज का अपने वार्ड से निकलकर सीढ़ियों तक पहुंच जाना और फिर गिरकर उसकी मौत हो जाना अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर भी चर्चा हो रही है.
मानसिक रूप से बीमार थे छठु पासवान
बताया जा रहा है कि मृतक छठु पासवान मानसिक रूप से बीमार थे. मृतक छह बेटियों के पिता थे. छठु पासवान की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं छह बेटियों के सर से पिता का साया उठ गया है. परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर मरीज की निगरानी में गंभीर चूक और लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि अस्पताल में भर्ती मरीज की सुरक्षा का ध्यान रखा जाना चाहिए था. इस घटना ने GMCH में मरीजों की देखभाल और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी