बेगूसराय में एक और कांड: अकेले में बात कर रहे थे युवक-युवती, गांव वालों ने देखा और करा दी शादी
बेगूसराय में एक और कांड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि गांव वाले एक लड़का और लड़की की जबरदस्ती शादी करा रहे हैं, इसलिए कि वो दोनों आपस में बात कर रहे थे.
बेगूसराय जिले से एक बार फिर अजब-गजब मामला सामने आया है, जहां प्रेमी युगल की कथित तौर पर जबरन शादी कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक युवक और युवती को घेरे हुए हैं और युवक से जबरन युवती की मांग में सिंदूर डलवाया जा रहा है. आइए जानते हैं, आखिर क्या है पूरा मामला-
भीड़ ने दबाव बनाकर करा दी शादी
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र के राहतपुर कुतलूपुर गांव की बताई जा रही है. वायरल वीडियो को लेकर इस बात का दावा किया जा रहा है कि दोनों युवक और युवती किसी जगह पर अकेले में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें देख लिया. बस फिर क्या था, गांव के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया. इसके बाद, बिना किसी कानूनी या सामाजिक सहमति के भीड़ ने दबाव बनाकर दोनों की शादी करवा दी. वायरल हो रहे वीडियो में लोगों की भारी भीड़ भी साफ तौर पर दिखाई दे रही है.
चर्चा का विषय बना ये पूरा मामला
हालांकि, यह वायरल वीडियो कब का है और इसके पीछे की सच्चाई क्या है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. जी मीडिया वायरल वीडियो की सत्यता और वीडियो में किए जा रहे दावों की पुष्टि नहीं करता है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और यह पूरा मामला चर्चा का विषय बन गया है.
यह भी पढ़ें: विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य शुरू: वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद, बेली ब्रिज हटाकर बनेगा स्थायी ट्रस ब्रिज
बिहार में 'पकड़ौआ विवाह' का चलन
इस मामले में स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने आया है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. बता दें कि बिहार में 'पकड़ौआ विवाह' का चलन है. कई जिलों से अकसर ऐसे मामले सामने आते रहते हैं.
रिपोर्ट: जितेन्द्र चौधरी