SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बेगूसराय में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका, जमीन विवाद में कारोबारी के चाचा पर फायरिंग का आरोप, राइफल और SUV बरामद

बेगूसराय में जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना सामने आई है. बलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर में पटना में रहने वाले कारोबारी कंचन सिंह के घर पर उनके चाचा रामानुज सिंह पर कई राउंड फायरिंग करने का आरोप है.

Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 29, 2026, 11:51 AM IST | Updated: Oct 29, 2026, 12:01 PM IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

बेगूसराय में जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना सामने आई है. गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मामला बलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर का है, जहां पटना में रहने वाले कारोबारी कंचन सिंह के पैतृक घर पर उनके चाचा रामानुज सिंह ने कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. विवादित जमीन पर चल रहे काम को कंचन सिंह द्वारा रुकवा दिए जाने के बाद मामला बढ़ गया और देखते ही देखते गोलीबारी शुरू हो गई.

मारपीट में दो घायल

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय कारोबारी कंचन सिंह अपने पैतृक घर पर मौजूद थे. इसी दौरान उनके चाचा रामानुज सिंह हथियार लेकर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह कंचन सिंह को बचाया. इस दौरान उनके गार्ड और ड्राइवर ने भी हमलावर को पकड़ने की कोशिश की. घटना के दौरान हुई मारपीट में दो लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.

ये भी पढ़ें: सिवान के लहेजी मठ पर ताबड़तोड़ फायरिंग, SP ने बनाई SIT, CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश तेज

राइफल और एक्सयूवी छोड़ फरार

बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख आरोपी रामानुज सिंह अपनी राइफल और एक्सयूवी गाड़ी मौके पर छोड़कर पैदल फरार हो गया. गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 FF 5255 बताया गया है. वहीं, आरोप है कि आरोपी का ड्राइवर बम या गोला चलाते हुए मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बलिया थाना पुलिस और बलिया डीएसपी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके से कई खाली कारतूस के खोखे, कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई राइफल और वहां छोड़ी गई एक्सयूवी गाड़ी बरामद कर जब्त कर ली है.

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जमीन विवाद को लेकर हुई इस गोलीबारी के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बताया जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान कितने राउंड फायरिंग हुई और इसमें शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका थी. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी. इस घटना ने एक बार फिर इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस ने हथियार और गाड़ी बरामद कर जांच तेज कर दी है.

रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES