SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बेगूसराय अपहरण-रेप केसः समस्तीपुर से धराया मुख्य आरोपी रोहित कुमार, भागने की कोशिश में हुआ घायल

बेगूसराय कांड के मुख्य आरोपी रोहित कुमार को पुलिस ने समस्तीपुर से गिरफ्तार कर लिया है. वह नेपाल भागने की फिराक में था. पुलिस की गिरफ्त से फरार होने के लिए आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसमें वह घायल हो गया.

Written By K. Raj Mishra
Published: Sep 30, 2026, 06:34 AM IST | Updated: Sep 30, 2026, 06:45 AM IST
Image Credit: बेगूसराय अपहरण-रेप केसः समस्तीपुर से धराया मुख्य आरोपी रोहित कुमार (Zee Media)
Join

बेगूसराय में युवती के अपहरण, दुष्कर्म और मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित कुमार को समस्तीपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मोहिउद्दीननगर से दबोच लिया. मामला नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लू डायमंड होटल से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को एक युवती को चाकू की नोक पर कथित तौर पर अगवा कर होटल लाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी.

वीडियो वायरल होने से उजागर हुई घटना

होटल में लड़की को लाने वाले आरोपी विक्रम कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी रोहित कुमार फरार चल रहा था. बता दें कि बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र स्थित ब्लू डायमंड होटल से सामने आए इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी थी. पुलिस के मुताबिक, युवती को चाकू की नोक पर अगवा करने के बाद होटल लाया गया. आरोप है कि यहां उसे दूसरे युवक के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट की गई. घटना के दौरान बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो और मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई.

नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी

पुलिस की लगातार दबिश के बीच रोहित कुमार के नेपाल भागने की कोशिश की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद जब रोहित कुमार को पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था, तभी उसने भागने की कोशिश की. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. इसी दौरान वह घायल हो गया. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

एसपी मनीष ने क्या कहा?

इस मामले में बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि 27 सितंबर को ब्लू डायमंड होटल में युवती के साथ मारपीट और दुष्कर्म की घटना सामने आई थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी के मुताबिक, मुख्य आरोपी रोहित कुमार नेपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे समस्तीपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार, उसके पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसमें युवती से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो और मारपीट का वीडियो मिला है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

रिपोर्ट- जितेन्द्र कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES