)
Begusarai Flood: बिहार के बेगूसराय में बाढ़ ने ऐसी तबाही मचा रखी है कि लोगों की खुशियां छिन गई हैं. मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के खोरामपुर गांव में बाढ़ का पानी लोगों के लिए मुसीबत बन चुका है. पूरा गांव चारों तरफ से पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गया है. करीब 20 से 25 परिवार पिछले 20 दिनों से इसी पानी के बीच रहने को मजबूर हैं. हालात ऐसे हैं कि कई घरों में 6 फीट से अधिक पानी जमा है और परिवार के लोग घर छोड़कर छत पर शरण लिए हुए हैं. रात के अंधेरे में डर के साये में जिंदगी गुजर रही है.
6 फीट पानी में छत पर कट रही जिंदगी
यह तस्वीरें बेगूसराय के मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के खोरामपुर गांव की हैं, जहां चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है. बाढ़ के पानी ने पूरे गांव को टापू में तब्दील कर दिया है. करीब 20 से 25 परिवार पिछले 20 दिनों से इसी जलजमाव के बीच रहने को मजबूर हैं. हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घरों में 6 फीट से अधिक पानी जमा है. ऐसे में परिवार के लोगों ने घर छोड़कर छत को ही अपना आशियाना बना लिया है. छोटे से छत के हिस्से में किसी तरह परिवार के लोग दिन और रात गुजार रहे हैं.
नाव बनी सहारा
रात होते ही इन परिवारों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं. अंधेरे में जहरीले जीव-जंतुओं और पानी के बीच हादसे का डर बना रहता है. बावजूद इसके, बाढ़ पीड़ित परिवारों के पास यहां रहने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है. बाढ़ के बीच इन परिवारों के लिए एक छोटी सी नाव ही सहारा बनी हुई है. इसी नाव से दिन के समय लोग सामुदायिक रसोई तक पहुंचते हैं और खाना लेकर वापस अपने घर की छत पर लौटते हैं. यानी बाढ़ के पानी के बीच जिंदगी पूरी तरह नाव के सहारे चल रही है.
स्थायी समाधान की मांग
बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि करीब 20 दिनों से गांव में बाढ़ का पानी जमा है. घर के अंदर 6 फीट से अधिक पानी है और पूरा परिवार छत पर रहने को मजबूर है. रात में काफी डर लगता है, लेकिन मजबूरी में इसी जगह जिंदगी गुजारनी पड़ रही है. बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि हर साल बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर के दौरान गांव में इसी तरह बाढ़ का पानी पहुंच जाता है. हर तरफ पानी नजर आता है और लोगों की जिंदगी तबाह हो जाती है. पीड़ित परिवारों ने सरकार और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि हर साल बाढ़ की त्रासदी में लोगों को अपना घर-बार और खुशियां न गंवानी पड़े.
रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार