App

वर्दी के रौब में दारोगा ने महिला डांसर को मारा थप्पड़, भड़की जनता तो पिस्टल दिखाकर धमकाने लगे, मचा बवाल

बेगूसराय में दुर्गा पूजा के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ. महिला डांसर को थप्पड़ मारने और कलाकारों से बदसलूकी करने के आरोप के बाद पुलिस पदाधिकारी ने कथित तौर पर पिस्टल लहराई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वर्दी के रौब में दारोगा ने महिला डांसर को मारा थप्पड़, भड़की जनता तो पिस्टल दिखाकर धमकाने लगे, मचा बवाल
Image Credit: वर्दी के रौब में दारोगा ने महिला डांसर को मारा थप्पड़ (zee media)

बेगूसराय में दुर्गा पूजा के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ. एक पुलिस पदाधिकारी पर महिला डांसर को थप्पड़ मारने और कलाकारों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा है. घटना के बाद आक्रोशित दर्शकों ने विरोध शुरू कर दिया और पुलिस पदाधिकारी के साथ धक्का-मुक्की होने लगी. इसी दौरान आरोप है कि पुलिस पदाधिकारी ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर लहराई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दर्शकों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. पिस्टल लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

महिला डांसर को मारा थप्पड़

यह पूरा मामला बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पान गांछी स्थित एक दुर्गा मंदिर के पास का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के अवसर पर मंदिर के समीप सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें दो महिला डांसर डांस कर रही थी. इसी दौरान एक पुलिस पदाधिकारी वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने एक महिला डांसर के साथ बदसलूकी करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया. इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया.

पुलिस पदाधिकारी ने पिस्टल निकालकर लहराने लगा

महिला डांसर ने आरोप लगाया कि पुलिस पदाधिकारी ने उनके साथ मारपीट की और अन्य कलाकारों के साथ भी दुर्व्यवहार किया. उनके मुताबिक, वे लोग सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे थे, तभी पुलिस पदाधिकारी वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे. इस व्यवहार से नाराज महिला डांसर ने संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. वहीं, घटना के बाद दर्शकों ने पुलिस पदाधिकारी का विरोध करना शुरू कर दिया, जिसके बाद वहां धक्का-मुक्की होने लगी. आरोप है कि इसी दौरान पुलिस पदाधिकारी ने पिस्टल निकालकर लहरानी शुरू कर दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो और घटना से जुड़े सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है.

दारोगा अनिल कुमार सिंह सस्पेंड

जी मीडिया की खबर का हुआ बड़ा असर. खबर चलने के बाद एसपी मनीष ने दारोगा अनिल कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया. एसपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी कि कर्तव्य में लापरवाही और अमर्यादित आचरण के कारण यह कार्रवाई की गई. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी स्थित मां वैष्णवी सार्वजनिक दुर्गा मंदिर के पास सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान महिला डांसर को थप्पड़ मारा था. हंगामा होने के बाद पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कमर से पिस्टल निकालकर भीड़ को धमकाया था. इस खबर को जी मीडिया ने बड़ी प्रमुखता से दिखाया था.

रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More