बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हलचल, यूपी में देर रात गिरे ओले... अब बिहार में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज
बिहार में आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला शुरू होने की संभावना है. मौसम में इस बड़े बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी प्रणाली को माना जा रहा है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज (25 अक्टूबर) और आने वाले दिनों में मौसम का हाल कैसा रहेगा.
बिहार का मौसम: बिहार में मौसम ने एक बार फिर से करवट ने लिया है. मौसम विभाग की माने तो इस बड़े बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी प्रणाली है. पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब गहरे दबाव में बदल चुका है. इसके 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है, जिससे कई राज्यों में मौसम बदल सकता है.
आने वाले दिनों में 27 से 30 अक्टूबर के दौरान बिहार के कई जिलों में बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और बारिश की संभावना है. 24-25 की दरमियानी रात यूपी के गौतम बुद्ध नगर जिले में बारिश हुई. बरिश के साथ-साथ ओलावृष्टि भी हुई. ऐसे में आइए जानते हैं आज (25 अक्तूबर, 2026) बिहार में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है.
आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज (25 अक्टूबर 2026) को बिहार के लगभग सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने की संभावना है.आज राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश, आंधी या ओले गिरने की कोई भी चेतावनी जारी नहीं की गई है. वहीं, अगले 5 दिनों के दौरान राज्य के तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. आज अधिकतम तापमान लगभग 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किए जाने का अनुमान है.
इस दिन से होगी बारिश की शुरुआत
आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा. 26 और 27 अक्टूबर से कुछ जगहों पर हल्की बारिश की शुरुआत हो सकती है. इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. इसके बाद 28 से 30 अक्टूबर के दौरान बारिश और भी कई जिलों को अपनी चपेट में ले लेगी और कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती है.
26 से 30 तक इन जिलों में बारिश
पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में बारिश होने की संभावना.