SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिहार में खाकी पर फिर हमलाः पटना में शराब तस्करों ने पुलिस पर किया पथराव, 3 पुलिसकर्मी जख्मी, दर्जनों हिरासत में

मसौढी में शराब माफियाओं पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर गांव वालों ने हमला कर दिया. ग्रामीणों की ओर से किए गए पथराव में तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए और पुलिस के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. इस मामले में पुलिस ने करीब एक दर्जन महिला-पुरुष को गिरफ्तार किया है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By K. Raj Mishra
Published: Oct 05, 2026, 11:27 AM IST | Updated: Oct 05, 2026, 12:08 PM IST
Image Credit: पटना में शराब तस्करों ने पुलिस पर किया पथराव (Zee Media)
Join

बिहार में एक बार फिर से पुलिस पर हमले की खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, राजधानी पटना के मसौढी इलाके में पुलिस टीम पर हमला हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. घटना को लेकर बताया जा रहा है कि पुलिस टीम, पिपरा थाना के बेहरावां चकिया गांव में शराब माफियाओं को पकड़ने गई थी. पुलिस टीम के पहुंचते ही गांव वालों ने पथराव शुरू कर दिया. इसमें पुलिस वाहन बुरी तरह से छतिग्रस्त हो गए और कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं. इस घटना के बाद एसएसपी ने एसडीपीओ मसौढी के नेतृत्व में पिपरा थाना, पुनपुन थाना, लहसुना थाना, नौबतपुर थाना, जानीपुर थाना और केवड़ा ओपी से अतिरिक्त पुलिसबल को गांव भेजा. जिसके बाद पुलिस ने करीब दर्जन भर महिलाओं और पुरुषों को हिरासत में लिया. वहीं, कई लोग पुनपुन नदी पार करके भागने में सफल हो गए.

भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

पुलिस टीम ने गांव के कई घरों में तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान रवि मांझी के घर से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. पुलिस के मुताबिक, गांव में अलग-अलग घरों में प्लास्टिक में पैक कर रखी गई करीब एक हजार लीटर देसी शराब भी बरामद की गई. 

इसके अलावा पुनपुन नदी के किनारे जमीन में गाड़कर रखे गए करीब 500 ड्रम में लगभग हजारों लीटर अर्द्धनिर्मित शराब बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया. उधर, पुलिस टीम पर पथराव व वाहनों को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में पुलिस अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है. वहीं हिरासत ने लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है.

एक दिन पहले भी हुआ था पुलिस पर हमला

बता दें कि एक दिन पूर्व इसी गांव के समीप शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पिपरा थाने की पुलिस टीम पर पथराव किया गया था. इस घटना में तीन पुलिसकर्मी जख्मी हुए थे और पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे. 

इस मामले में पुलिस पहले ही करीब 50 नामजद व करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है. रविवार की कार्रवाई भी इसी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे की कार्रवाई के क्रम में की गई थी.

रिपोर्ट- प्रभारंजन

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES