काम नहीं आया एकजुटता का संदेश: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बैठक से निकलते ही अनंत सिंह ने कहा- अनुज सिंह का समर्थन करेंगे
अगर समय रहते एनडीए के बागी विधायकों को मनाया नहीं गया तो इसके प्रत्याशियों के लिए मुसीबत हो सकती है. एक तरफ जेडीयू के नीरज फंसेंगे तो दूसरी ओर इसी पार्टी के आनंद पुष्कर. खास बात यह है कि जहां-जहां बागी हैं, वहां जेडीयू उम्मीदवार ही हैं.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर चल रही एनडीए विधानमंडल दल की बैठक खत्म हो गई है. बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ने यह बड़ी बैठक बुलाई थी. बैठक में एनडीए के सभी नेताओं को यह संदेश दिया गया कि सभी 8 सीटों पर हो रहे चुनाव को जीतना है और इसके लिए सभी को मिल जुलकर काम करना होगा. हालांकि, बैठक से बाहर निकलते ही अनंत सिंह फिर अपने पुराने अंदाज में दिखे और बोले कि चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई और मैं अनुज सिंह का ही समर्थन करूंगा.
बैठक में एनडीए के सभी सांसद, मंत्री और विधायकों के अलावा एमएलसी और विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार शामिल हुए. सभी नेताओं से कहा गया कि एनडीए प्रत्याशियों को जिताने के लिए आज से ही अपने क्षेत्रों में लग जाएं. साथ ही यह भी कहा गया कि जो भी एनडीए प्रत्याशी के विरोध में प्रचार करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए में शामिल सभी दलों के नेताओं ने मिलजुलकर काम करने की नसीहत दी.
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, आज शुक्रवार को लोकसेवक आवास में NDA विधानमंडल दल की बैठक हुई, जिसमें गठबंधन की एकजुटता, आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती को और सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई. पोस्ट में उन्होंने कहा कि एकजुटता हमारी ताकत है, जनसेवा हमारा संकल्प और बिहार का विकास हमारा लक्ष्य है.
बता दें कि एनडीए के भीतर जनता दल यूनाइटेड के विधायक अनंत सिंह बागी बने हुए हैं और लगातार अनुज सिंह को समर्थन देने की बात कर रहे हैं. दूसरी ओर, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 4 में से 3 विधायकों ने भी बगावत करते हुए सारण से रामपुकार सिन्हा के रूप में अपना उम्मीदवार उतार दिया है. अब देखना यह है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बैठक के बाद इन 3 विधायकों का क्या रुख रहता है. अगर जेडीयू के बागी अनंत सिंह और रालोमो के बागी 3 विधायक नहीं मानें तो एनडीए के प्रत्याशियों के लिए मुसीबत हो सकती है.
इनपुट: जी बिहार टीम