SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

साइबर ठगी का नया तरीका: न OTP, न कॉल, न लिंक पर क्लिक...फिर भी व्यवसायी के खाते से उड़ गए 5.86 लाख, 14 बार हुआ ट्रांजेक्शन

जमुई जिला में साइबर ठगी का नया तरीका सामने आया है. यहां पर न कॉल आया, न लिंक पर क्लिक किया, फिर भी एक व्यवसायी के खाते से 5.86 लाख रुपए उड़ गए और 14 बार ट्रांजेक्शन हुआ.

Edited By Shailendra
Published: Oct 02, 2026, 11:22 PM IST | Updated: Oct 02, 2026, 11:27 PM IST
Image Credit: सीमेंट व्यवसायी के खाते से उड़े 5.86 लाख रुपए, 14 बार में खाली हुआ बैंक अकाउंट (Z News)
Join

जमुई शहर के बोधवन तालाब रोड स्थित छड़-सीमेंट व्यवसायी अरुण कुमार वर्णवाल साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए. हैरानी की बात यह है कि उनके पास न तो कोई फ्रॉड कॉल आया, न उन्होंने कोई संदिग्ध ऐप डाउनलोड किया और न ही किसी लिंक के साथ छेड़छाड़ की. इसके बावजूद उनके पंजाब नेशनल बैंक के सेविंग खाते से अलग-अलग खातों में 14 बार ट्रांजैक्शन कर कुल 5 लाख 86 हजार 670 रुपये निकाल लिए गए.

व्यवसायी के अनुसार, अचानक उनके मोबाइल पर पहले 30 हजार रुपये कटने का मैसेज आया. वह कुछ समझ पाते, उससे पहले लगातार 30 से 35 हजार रुपये के कई ट्रांजैक्शन के मैसेज आने लगे. देखते ही देखते खाते से 5 लाख 86 हजार 670 रुपये गायब हो गए. खाते में अब महज 1348 रुपये शेष दिख रहे हैं.

अरुण कुमार वर्णवाल ने बताया कि उनका घर और दुकान बोधवन तालाब रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने ही है. वह फोन-पे या गूगल-पे का इस्तेमाल नहीं करते हैं और उनके पास एटीएम कार्ड भी नहीं है. इसके बावजूद खाते से इतनी बड़ी रकम निकल गई. उनके अनुसार, खाते में पहले करीब 6 लाख 59 हजार 445 रुपये थे.

उन्होंने बताया कि ट्रांजैक्शन के मैसेज के मुताबिक 5 लाख 86 हजार 670 रुपये कटने की जानकारी मिली है, जबकि करीब 71 हजार 427 रुपये की राशि कटने का कोई मैसेज नहीं आया. लिहाजा खाते से कुल कितनी राशि और किस माध्यम से निकाली गई, इसकी पूरी जानकारी बैंक खुलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

घटना के बाद व्यवसायी में दहशत का माहौल है. बैंक बंद रहने के कारण तत्काल खाते से जुड़ी विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी. इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है. शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

रिपोर्ट: अभिषेक निरला

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES