टीवीएस की दो नई ब्रिटिश बाइक्स आ रही हैं भारत, पेटेंट से खुला बड़ा राज, जानिए इंजन और फीचर्स की पूरी बात
टीवीएस मोटर के स्वामित्व वाली ब्रिटिश बाइक कंपनी नॉर्टन ने भारत में अपनी दो शानदार बाइक्स एटलस जीटी और मैंक्स आर के डिजाइन पेटेंट कराए हैं. इससे ये तो पक्का है कि अगले साल तक ये दोनों दमदार बाइक्स भारतीय सड़कों पर उतर सकती हैं.
देश की जानी-मानी कंपनी टीवीएस मोटर की ब्रिटिश बाइक ब्रांड नॉर्टन अब भारत में आने की पूरी तैयारी में है. कंपनी ने यहां अपनी दो नई बाइक्स एटलस जीटी और मैंक्स आर के डिजाइन पेटेंट कराए हैं.
पेटेंट होने का सीधा मतलब है कि अगले साल तक ये बाइक्स हमारी सड़कों पर दिख सकती हैं. वैसे कंपनी ने अभी पक्की तारीख नहीं बताई है.
ऑटो बाजार के जानकार इसे सुपरबाइक्स की दुनिया में टीवीएस का एक बड़ा दांव मान रहे हैं. टीवीएस ने साल 2020 में नॉर्टन को खरीदा था और तब से इस ब्रांड को मजबूत बनाने में जुटी है.
लंबे सफर के लिए बनी है एटलस जीटी
नॉर्टन एटलस जीटी एक ऐसी बाइक है जिसे खास तौर पर लंबे ट्रिप के लिए तैयार किया गया है. इसमें ऑफ-रोड बाइक्स वाले तारों के पहियों की जगह मजबूत अलॉय व्हील्स दिए गए हैं.
इससे साफ है कि ये बाइक पथरीले रास्तों से ज्यादा हाईवे पर आराम से चलाने के लिए बनी है. इसमें 19 इंच का अगला और 17 इंच का पिछला पहिया लगा है.
बाइक में 15.4 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक और 220 मिलीमीटर का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है. इसकी सीट की ऊंचाई 845 मिलीमीटर रखी गई है ताकि राइडर को पूरा आराम और कंट्रोल मिल सके.
दमदार इंजन और काम के फीचर्स
इस बाइक में 585 सीसी का ताकतवर इंजन लगा है जो 69 बीएचपी की पावर देता है. गियर बदलना आसान बनाने के लिए इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ खास क्विकशिफ्टर भी दिया गया है.
सुरक्षा के लिए आगे दो बड़े डिस्क ब्रेक और पीछे एक डिस्क ब्रेक मौजूद है. इसके टॉप मॉडल एटलस एपेक्स में सर्दियों के लिए गर्म होने वाले हैंडल ग्रिप्स और टायर की हवा बताने वाले फीचर्स भी मिलते हैं.
इसके अलावा 8 इंच की टचस्क्रीन डिस्प्ले में रास्ता देखने के लिए नेविगेशन और कैमरा कंट्रोल करने की सुविधा भी दी गई है.
रेसिंग ट्रैक की रानी है नॉर्टन मैंक्स आर
दूसरी तरफ नॉर्टन मैंक्स आर एक बेहद तेज रफ्तार वाली सुपरस्पोर्ट बाइक है. इसे खास तौर पर रेसिंग ट्रैक के शौकीनों के लिए बनाया गया है. इसमें 1200 सीसी का बड़ा इंजन लगा है जो 206 बीएचपी की जबरदस्त ताकत पैदा करता है.
ये बाइक सीधे तौर पर दुनिया की सबसे तेज सुपरबाइक्स को टक्कर देने आ रही है. तेज रफ्तार पर बाइक फिसल न जाएं, इसके लिए इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल और व्हीली कंट्रोल जैसे कई सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं. इसमें भी राइडर की सुविधा के लिए 8 इंच की बड़ी डिजिटल स्क्रीन मिलती है.
हल्का वजन और शानदार ग्रिप बनाता है खास
मैंक्स आर में सड़क पर मजबूत पकड़ के लिए पिरेली के तगड़े टायर और ब्रेम्बो के बेहतरीन ब्रेक लगाए गए हैं. कंपनी विदेश में इस बाइक को चार अलग-अलग मॉडलों में बेचती है.
इसके सबसे महंगे मॉडल में कार्बन-फाइबर बॉडी और इलेक्ट्रॉनिक सस्पेंशन का इस्तेमाल हुआ है.
वजन कम रखने के लिए इसमें टाइटेनियम के पुर्जे लगे हैं जिससे इसका वजन घटकर सिर्फ 201 किलो रह जाता है. पूरी दुनिया में इसके स्पेशल एडिशन की केवल 150 बाइक्स ही बनाई जाएंगी जो इसे बेहद खास बनाती हैं.
भारत में बढ़ेंगे प्रीमियम बाइक्स के ऑप्शन
टीवीएस के पास नॉर्टन के रूप में अब बाइक्स की एक पूरी फौज तैयार हो रही है. एटलस और मैंक्स के अलावा कंपनी आने वाले समय में एक 450 सीसी की बाइक भी लाने का प्लान भी है.
अगर ये दोनों बाइक्स भारत में लॉन्च होती हैं तो महंगी और तेज बाइक्स पसंद करने वालों को नए ऑप्शन मिलेंगे.
फिलहाल यह दोनों मॉडल विदेशी बाजारों में बिक रहे हैं. अब सभी को इंतजार है कि टीवीएस कब आधिकारिक तौर पर इनकी भारत में एंट्री का ऐलान करती है.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 9 मिनट में फुल चार्ज और पलक झपकते ही 100 की रफ्तार, भारत में 1.56 करोड़ रुपये में आई Denza Z9 GT