लॉन्च हुई नई Mini Cooper SE इलेक्ट्रिक हैचबैक, सिंगल चार्ज में देगी 402 किमी रेंज; जानें कीमत और फीचर्स
मिनी इंडिया ने इंडियन मार्केट में दूसरी जनरेशन की इलेक्ट्रिक हैचबैक कूपर SE को 53.9 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है, जबकि इसके खास Paul Smith Edition की कीमत 56.4 लाख रुपये है. 54.2kWh बैटरी पैक के साथ ये कार 402 किलोमीटर की रेंज देती है और दिसंबर से इसकी डिलीवरी शुरू होगी.
लग्जरी कार बनाने वाली कंपनी मिनी इंडिया ने इंडियन मार्केट में अपनी दूसरी जनरेशन की इलेक्ट्रिक हैचबैक कूपर SE को लॉन्च कर दिया है. इस कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 53.9 लाख रुपये रखी गई है. कंपनी ने इसके साथ खास डिजाइन वाला Paul Smith Edition भी पेश किया है, जिसकी कीमत 56.4 लाख रुपये है.
ये कार पूरी तरह विदेश से एक्सपोर्ट होकर भारत आएगी और एक ही वेरिएंट में मिलेगी. ग्राहकों को इसकी डिलीवरी दिसंबर महीने से मिलनी शुरू हो जाएगी.
दमदार बैटरी, मोटर और तेज चार्जिंग की सुविधा
नई मिनी कूपर SE में 54.2kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 402 किलोमीटर की WLTP रेंज देता है. पिछली जनरेशन की कार के मुकाबले बड़ा सुधार है, क्योंकि पुराने मॉडल में 32.6kWh की बैटरी और 270 किलोमीटर की रेंज मिलती थी.
इसमें आगे की तरफ इलेक्ट्रिक मोटर लगी है, जो 218hp की ताकत और 330Nm का टॉर्क जनरेट करती है. ये कार सिर्फ 6.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है.
चार्जिंग के लिए ये 11kW AC और 95kW DC चार्जर को सपोर्ट करती है. AC चार्जर से इसे फुल चार्ज होने में 5.25 घंटे लगते हैं, जबकि DC फास्ट चार्जर से यह सिर्फ 30 मिनट में 10 से 80 फीसदी तक चार्ज हो जाती है.
क्लासिक लुक के साथ एडवांस डिजाइन
देखने में ये इलेक्ट्रिक कार पेट्रोल से चलने वाली नॉर्मल कूपर जैसी ही लगती है. इसमें आगे गोल LED हेडलैंप और आठ कोनों वाली ग्रिल दी गई है. साइड में 17-इंच के अलॉय व्हील और पीछे की तरफ तिकोने आकार की LED टेल-लैंप इसे खास पहचान देते हैं.
कार में डुअल-टोन एक्सटीरियर फिनिश भी मिलता है. साइज की बात करें तो इसकी लंबाई 3858mm, चौड़ाई 1756mm और ऊंचाई 1460mm है, जबकि इसका व्हीलबेस 2526mm रखा गया है.
केबिन में गोल OLED स्क्रीन और फिजिकल बटन
कार का इंटीरियर भी काफी हद तक मौजूदा कूपर जैसा ही रखा गया है. अंदर बैठते ही तीन-स्पोक वाला स्टीयरिंग व्हील और डैशबोर्ड के बीच में 9.4-इंच की गोल OLED टचस्क्रीन ध्यान खींचती है.
कंपनी ने सेंटर कंसोल पर कई जरूरी कामों के लिए फिजिकल बटन भी दिए हैं, जिससे ड्राइविंग के दौरान इन्हें चलाना आसान रहता है. डैशबोर्ड पर फैब्रिक का बहुत इस्तेमाल किया गया है, जो केबिन को अलग और प्रीमियम अहसास देता है.
Paul Smith Edition में क्या है खास?
मिनी कंपनी ने ब्रिटिश फैशन डिजाइनर पॉल स्मिथ के साथ मिलकर इस कार का खास एडिशन तैयार किया है. इसमें इंजन या बैटरी में कोई बदलाव नहीं है, बल्कि लुक और रंगों पर खास काम किया गया है.
ये एडिशन तीन बाहरी रंग इंस्पायर्ड व्हाइट, मिडनाइट ब्लैक और स्टेटमेंट ग्रे में आता है. इनके साथ हरे, काले या बॉडी कलर की छत का ऑप्शन मिलता है, जिस पर रंगीन धारियां बनी हैं.
इसके अलावा इसमें 18-इंच के काले अलॉय व्हील लगे हैं, जिनके बीच में Paul Smith का लोगो दिया गया है.
कैसे हैं कार में फीचर्स?
Paul Smith Edition के केबिन में सीटों पर नीले रंग की सिलाई की गई है और दरवाजे खोलने पर जमीन पर Hello की रोशनी दिखती है. दरवाजे खोलने पर नीचे Every day is a new beginning लिखा है, जबकि फ्लोर मैट पर हाथ से बना खरगोश का निशान और स्टीयरिंग व्हील पर रंगीन धारियां मिलती हैं.
फीचर्स के तौर पर कार में हीटेड स्टीयरिंग व्हील, पैनोरमिक ग्लास रूफ, लेवल-2 ADAS, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, पावर्ड फ्रंट सीटें, हरमन कार्डन साउंड सिस्टम, हेड्स-अप डिस्प्ले और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसी सुविधाएं दी गई हैं.