200cc की रेंज में Karizma और KTM के बीच नई Pulsar RS200 क्यों बन सकती है स्मार्ट चॉइस?
200cc सेगमेंट में बजाज ने नई Pulsar RS200 को 1,98,441 रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च कर दिया है. इस बाइक के आने के बाद खरीदने वालों के सामने अब एक नया ऑप्शन है.
अगर आप 200 सीसी की कोई स्पोर्ट बाइक खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो थोड़ा रुक जाइए. बजाज ने Pulsar RS200 के अपडेटेड वर्जन को 20 नवंबर शुक्रवार के दिन लॉन्च कर दिया है. ये भले ही अपने पुराने मॉडल से 16,773 रुपये महंगी जरूर है, लेकिन इसके कमाल के फीचर्स देखने के बाद आप पैसे देने से पीछे नहीं हटेंगे.
कुछ लोगों के मन में ये भी सवाल आ रहा होगा कि 12 हजार रुपये बचाकर Hero Karizma XMR ले लें. वहीं कुछ लोग KTM RC 200 खरीदना चाहते होंगे, जो Pulsar RS200 की कीमत से 35 हजार रुपये ज्यादा है. आज हम इस खबर में जानेंगे कि 200 सीसी के रेंज में Pulsar RS200 में ऐसी क्या खासियत है, जो इसे खरीदने की बड़ी वजह बनती है.
कीमत और फीचर्स में कितना बड़ा अंतर?
नई Pulsar RS200 की एक्स-शोरूम कीमत 198441 रुपये रखी गई है. इसके मुकाबले Hero Karizma XMR करीब 1.86 लाख रुपये में आती है, जबकि KTM RC 200 की बात करें तो इसकी कीमत 2.33 लाख रुपये तक जाती है.
बजाज ने अपनी बाइक में 199.5cc इंजन को 25 hp ताकत के साथ उतारा है. इसमें पांच राइडिंग मोड्स, ट्रैक्शन कंट्रोल, स्पोर्ट्स शिफ्टर और 5-इंच TFT डिस्प्ले दिया गया है. इतने सारे इलेक्ट्रॉनिक और राइडिंग फीचर्स का इस कीमत पर मिलना कस्टमर्स को अट्रैक्ट कर सकता है.
किस राइडर के लिए कौन सी बाइक है सही?
हर राइडर की जरूरत और चलाने का अंदाज अलग होता है. अगर आप रोज के सफर के साथ वीकेंड राइड का भी मजा चाहते हैं, तो नई Pulsar RS200 को चुनना सही हो सकता है.
इसमें मिलने वाला बिना क्लच गियर बदलने वाला क्विकशिफ्टर और गूगल मैप्स वाला डिस्प्ले, आपके सफर को बहुत आसान बना देता है.
वहीं जो लोग कम बजट में स्टाइलिश स्पोर्ट्स बाइक चाहते हैं और करीब 12 हजार रुपये बचाना चाहते हैं, उनके लिए Karizma XMR एक सीधा ऑप्शन है.
तेज राइडिंग वालों के लिए क्या रहेगा बेहतर?
अगर आपको बाइक तेज चलाना पसंद है और साथ में परफार्मेंस भी अच्छा चाहिए, तो KTM RC 200 एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. लेकिन इसके लिए आपको 35 हजार रुपये ज्यादा देने पड़ेंगे.
अगर थोड़े कम पैसे में वही मजा लेना चाहते हैं तो Pulsar RS200 बेस्ट रहेगा. इसमें अब 37mm अपसाइड-डाउन सस्पेंशन और 140/70-R17 रेडियल टायर दिया गया है. इससे मोड़ पर पकड़ और ब्रेक लगाते समय बैलेंस पहले से काफी अच्छा हो गया है.
RS200 के पुरानी कमियों को किया गया दूर
सालों से RS200 के चाहने वाले इसमें एडवांस मीटर और बेहतर राइडिंग इलेक्ट्रॉनिक्स की कमी महसूस करते थे. बजाज ने इस बार उन सारी शिकायतों का सीधा जवाब दे दिया है.
इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल बॉडी, ट्रैक्शन कंट्रोल और यूएसबी टाइप-C चार्जिंग जैसे फीचर्स इसे आज के दौर के हिसाब से पूरी तरह तैयार बनाते हैं. महंगी होने के बावजूद ये बाइक अब सिर्फ पुरानी यादों के सहारे नहीं बिकती.
आखिर किस फैसले में है आपका फायदा?
अगर आप कम पैसे बचाकर बेसिक स्पोर्ट्स लुक चाहते हैं, तो Karizma XMR के साथ जा सकते हैं. अगर बजट की कोई सीमा नहीं है और आपको ट्रैक-स्टाइल बाइक चाहिए, तो KTM RC 200 आपके लिए बनी है.
लेकिन अगर आप कम खर्च में एडवांस फीचर्स, बेहतर बैलेंस और रोज के इस्तेमाल का पूरा पैकेज चाहते हैं, तो नई Pulsar RS200 आपके लिए सबसे बेस्ट होगा.