सरकार को घेरने के लिए तेहरान पहुंचाया स्टारलिंक, अब उसी तकनीक से अमेरिका को चुनौती दे रही ईरानी सेना!
अमेरिका ने ईरान में इंटरनेट प्रतिबंधों को दरकिनार करने के लिए स्टारलिंक उपकरण पहुंचाए थे. अब दावा है कि ईरानी सेना भी इसी तकनीक का इस्तेमाल सैन्य अभियानों और ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कर रही है.
जिस तकनीक के जरिए अमेरिका ईरान के आम लोगों को इंटरनेट उपलब्ध कराना चाहता था, अब उसी तकनीक के इस्तेमाल को लेकर नई खबर सामने आई है. अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की सेना ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की स्टारलिंक सेवा का इस्तेमाल अपने सैन्य कामों के लिए किया. दावा है कि इसके जरिए ईरानी सैनिक आपस में संपर्क बनाए रखते थे और ड्रोन से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखते थे. दिलचस्प बात यह है कि अमेरिकी सेना भी इस तकनीक का इस्तेमाल करती है.
ईरान की सरकार समय-समय पर इंटरनेट पर पाबंदियां लगाती रही है. जनवरी 2026 में सरकार के खिलाफ बड़े विरोध प्रदर्शनों के दौरान भी इंटरनेट बंद कर दिया गया था. ऐसे में अमेरिका ने गुप्त रूप से हजारों स्टारलिंक उपकरण ईरान पहुंचाए थे, ताकि वहां के लोग इंटरनेट चला सकें और दुनिया से संपर्क बनाए रख सकें. स्टारलिंक एक ऐसी इंटरनेट सेवा है, जो अंतरिक्ष में मौजूद उपग्रहों के जरिए काम करती है. इसके लिए मोबाइल टावर या इंटरनेट की तारों की जरूरत नहीं होती. एक खास उपकरण के जरिए सीधे उपग्रह से इंटरनेट मिलता है. इसलिए सामान्य इंटरनेट बंद होने के बाद भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. अब वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान की सेना ने भी इन उपकरणों का इस्तेमाल किया. इसके जरिए सैनिक आपस में संपर्क बनाए रख सकते थे और ड्रोन से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रख सकते थे.
ईरान में स्टारलिंक पर है रोक
ईरान की सरकार ने स्टारलिंक को अपने देश में आधिकारिक तौर पर काम करने की अनुमति नहीं दी है. इसके बावजूद लोग चोरी-छिपे इसके उपकरणों का इस्तेमाल करते रहे हैं. इन उपकरणों को दूसरे देशों से ईरान पहुंचाया गया था. यानी अमेरिका ने ईरान के आम लोगों को इंटरनेट से जोड़ने के लिए जिन उपकरणों को वहां पहुंचाने में मदद की थी, अब उन्हीं के इस्तेमाल को लेकर ईरानी सेना पर सवाल उठ रहे हैं.
मस्क की कंपनी में क्यों हुई कार्रवाई?
रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेसएक्स को पता चला कि स्टारलिंक का इस्तेमाल ऐसे कामों में हो रहा है, जिनकी कंपनी ने अनुमति नहीं दी थी. इसमें ईरानी सेना द्वारा कथित इस्तेमाल और अमेरिकी सेना से जुड़ा एक मामला भी शामिल था. इसके बाद कंपनी के कम से कम दो अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया गया. हालांकि, स्पेसएक्स और एलन मस्क ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया.
क्या अमेरिकी सैनिकों पर हमले में भी हुआ स्टारलिंक का इस्तेमाल?
1 मार्च 2026 को कुवैत के एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ईरानी ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिक मारे गए थे. इस घटना का जिक्र भी रिपोर्ट में किया गया है. हालांकि, इस बात का कोई पक्का सबूत सामने नहीं आया है कि उस हमले में स्टारलिंक का इस्तेमाल हुआ था. अमेरिकी रक्षा विभाग ने भी इस मामले में किसी गोपनीय रिपोर्ट की जानकारी होने से इनकार किया है. इसलिए फिलहाल यह कहना सही नहीं होगा कि ईरान ने स्टारलिंक की मदद से ही अमेरिकी सैनिकों पर हमला किया था. रिपोर्ट में सिर्फ ईरानी सेना द्वारा इस तकनीक के इस्तेमाल का दावा किया गया है.