SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वोट की गड़बड़ी का दावा, राहुल ने फिर उठाया मुद्दा, शिकागो में बोले- 2024 का चुनाव वैध कैसे हो सकता है?

दो दिवसीय शिकागो दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि वह चुनाव प्रणाली में कथित गड़बड़ियों पर तब तक बोलते रहेंगे, जब तक लोगों को यह एहसास ना हो जाए कि यह ध्वस्त हो चुकी है.

Written By Rachit Kumar
Published: Nov 19, 2026, 07:24 IST | Updated: Nov 19, 2026, 07:33 IST
Image Credit: राहुल गांधी ने फिर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं.
Join

सीनियर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी प्रणाली में मौजूद कथित गड़बड़ियां आखिरकार सामने आ ही जाएंगी. इलिनोइस में यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में 'ईरान युद्ध और दुनिया में भारत की भूमिका'विषय पर एक कार्यक्रम में राहुल ने कहा कि चुनाव से पीछे हटने के बजाय विपक्षी दल कथित गड़बड़ियों को सामने लाना जारी रखेंगे.

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में कहा,'अगर हम अपने विपक्षी कार्यकर्ताओं से कहें कि 'ठीक है, चुनाव मत लड़िए', तो उनका क्या होगा? अगर हम यह कह दें कि हम चुनाव नहीं लड़ने जा रहे हैं, तो उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, और हम भारतीय लोकतंत्र के ढांचे को खत्म नहीं करना चाहते.'

उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को सामने लाना जारी रखेगा और इस मुद्दे को तब तक लोगों के सामने लाता रहेगा, जब तक कि उन्हें यह एहसास न हो जाए कि यह प्रणाली 'पूरी तरह से ध्वस्त' हो चुकी है.

'हम चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहते'

गांधी ने कहा,'हमारी रणनीति यह है कि जो कुछ भी हो रहा है, उसे उजागर करें और लोगों के बीच जाएं, जब तक कि भारत के लोगों को यह समझ न आ जाए कि यह प्रणाली पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है. लेकिन हम चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहते, क्योंकि अगर विपक्ष यह कह दे कि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो भारतीय लोगों की नजर में यह पूरी प्रक्रिया ही अवैध हो जाएगी. हम ऐसा नहीं चाहते। हम जानबूझकर ऐसा कदम नहीं उठा रहे हैं और हमें पूरा भरोसा है.'

उन्होंने आगे कहा,'अब तो चुनाव आयोग के भीतर से ही हमें जानकारी मिल रही है. इसलिए, अब बस समय की बात है कि यह ढांचा ढह जाए. चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी अब कह रहे हैं, 'देखिए, अब हम ऐसा और नहीं कर सकते, यह एक लंबा सफर रहा है.'

'गैर-लोकतांत्रिक भारत को स्वीकार नहीं करेंगे'

यह जोर देते हुए कि विपक्ष 'एक गैर-लोकतांत्रिक भारत' को स्वीकार नहीं करेगा, गांधी ने कहा कि विपक्षी दल लोगों को बिना किसी डर के अपनी बात रखने की आजादी वापस दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा, 'हम वह लड़ाई लड़ रहे हैं, और मुझे यह बताते हुए काफी खुशी हो रही है कि हम उस लड़ाई को जीत रहे हैं. अब बस समय की बात है कि ये ढांचे ढहने लगें. हम एक गैर-लोकतांत्रिक भारत को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं, और यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी की बात नहीं है, बल्कि भारत के अधिकांश लोगों की यही राय है. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी सबसे बड़ी ताकत-हमारे लोगों की बिना किसी डर के अपनी बात रखने की क्षमता, फिर से बहाल हो और हमारी सबसे बड़ी ताकत बनी रहे.'

कांग्रेस नेता ने 2024 के आम चुनावों की वैधता पर भी सवाल उठाए. उन्होंने ब्राजील की एक महिला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वह कभी भारत नहीं आई, फिर भी उसने एक राज्य विधानसभा चुनाव में 23 बार वोट डाला.

गांधी ने कहा, 'अगर 2024 के चुनाव में मतदाता ही अवैध थे, यानी उनका कोई अस्तित्व नहीं था, वे फर्जी मतदाता थे या उन्हें वोट नहीं देना चाहिए था, तो फिर वह चुनाव वैध कैसे हो सकता है? मैं आपको फिर बताता हूं कि ब्राजील की एक महिला, जो कभी भारत नहीं आई, उसने भारत के एक राज्य चुनाव में 23 बार वोट डाला.'

'चिंताएं 2014 के चुनावों से थीं'

उन्होंने आगे बताया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर चिंताएं 2014 के आम चुनावों से ही थीं, जब कांग्रेस को कुछ चुनावी अंतर ऐसे लगे, जिन्हें राजनीतिक रूप से समझाना मुमकिन नहीं था. उन्होंने कहा, 'जब मुझे सबूत मिले और मैंने कांग्रेस पार्टी के अपने नेताओं को दिखाए, तो उन्होंने मुझसे कहा, 'कृपया ऐसा न कहें.' हमारे लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है. मेरे लिए तो यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है, जब तक कि मेरे पास 100, 200 या 300 प्रतिशत पक्के सबूत न हों.'

इजरायल से संबंधों पर क्या बोले राहुल?

इस दौरा राहुल ने इजरायल और भारत के संबंधों पर भी बात की. राहुल ने कहा,'देखिए, इजरायल के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं. हम इजरायल से हथियार खरीदते हैं, और यह अच्छी बात है. लेकिन पूरे सम्मान के साथ कहना चाहूंगा कि हम इजरायल से बड़े हैं. हम 1.5 अरब लोगों का देश हैं, और हमारी विदेश नीति इस बात पर आधारित होनी चाहिए कि हमारे लिए क्या अच्छा है, न कि इस बात पर कि किसी और के लिए क्या अच्छा है. है ना? अक्टूबर में जो हुआ, मैं उसकी निंदा करता हूं. मुझे लगता है कि वह बहुत ही भयानक था, ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था. निर्दोष लोगों की हत्या करना पूरी तरह से गलत है. लेकिन इजरायल ने गाजा में जो किया है, मैं उसकी भी निंदा करता हूं, और इन दोनों गलत कामों से कोई बच नहीं सकता.'

कई सभ्यताओं के मिलकर बनाने से तैयार होगा भविष्य का ढांचा

राहुल ने कहा, 'भविष्य का वैश्विक ढांचा किसी एक सभ्यता के जरिए नहीं बनाया जाएगा. इसे कई सभ्यताओं के मिलकर बनाने से तैयार किया जाएगा. इसमें अमेरिका और पश्चिमी देशों की भूमिका तो होगी ही, साथ ही चीन, भारत और मिडिल ईस्ट की भी भूमिका होगी. शायद रूस की भी इसमें कोई भूमिका हो. पिछली व्यवस्था में, केवल इसे बनाने वालों की ही चलती थी. वे कहते थे, 'सुनिए, हमारी सोच यह है, और व्यवस्था ऐसी दिखेगी.' उस समय बाकी सभ्यताओं और प्रणालियों के पास इतनी ताकत नहीं थी कि वे कुछ कह सकें.'
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES