SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'150 करोड़ की आबादी, 600 बोलियां और फिर भी एक डोर में बंधा भारत'! इंटरव्यू में पुतिन बोले - 'क्या यह अद्भुत नहीं है

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की भाषाई विविधता की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि भारत में महज एक तिहाई लोग ही मुख्य भाषा बोलते हैं, फिर भी देश एकजुट है.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 22, 2026, 22:26 IST | Updated: Nov 22, 2026, 22:33 IST
Image Credit: पुतिन ने एक बार फिर भारत की भाषायी विविधता की तारीफ की
Join

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की भाषाई विविधता की एक बार फिर दिल खोलकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि भारत की कुल आबादी का महज एक-तिहाई हिस्सा ही वहां की मुख्य भाषा बोलता है. इसके बावजूद वह देश एक सूत्र में बंधा हुआ है और सभी लोग शांति के साथ रहते हैं. यह अपने आप में अद्भुत बात है.

सर्बियाई फिल्म निर्माता अमीर कुस्तुरिका को दिए एक इंटरव्यू में पुतिन ने भारतीय सभ्यता की खासियतों पर बात की. उन्होंने कहा कि समय के साथ भारत की सांस्कृतिक समृद्धि को लेकर उनकी समझ और गहरी हुई है. उन्होंने माना कि भारत का भाषाई ताना-बाना बेहद आकर्षक है और हर किसी को अपनी ओर खींचता है.

पुतिन ने पीएम मोदी से बातचीत को किया याद

इंटरव्यू के दौरान पुतिन ने पीएम मोदी के साथ अपनी मुलाकात को याद किया. उन्होंने कहा कि मीटिंग में उन्होंने पीएम मोदी से पूछा था कि भारत में देश की मुख्य भाषा बोलने वाले कितने लोग हैं. इस पर पीएम मोदी ने उन्हें बताया कि देश की कुल आबादी करीब 150 करोड़ है, जिसमें से 60 करोड़ लोग मुख्य भाषा हिंदी बोलते हैं.

पुतिन ने इस बात पर हैरानी जताई कि भारत की कुल आबादी का महज एक-तिहाई हिस्सा ही वहां की मुख्य भाषा बोलता है, जबकि बाकी दो-तिहाई लोग अपनी-अपनी क्षेत्रीय और स्थानीय भाषाओं में संवाद करते हैं.

क्या यह अद्भुत नहीं है- व्लादिमीर पुतिन

इंटरव्यू में इस पर आश्चर्य जाहिर करते हुए पुतिन ने कहा, क्या यह अद्भुत नहीं है? सच में बेहद अद्भुत. उन्होंने इंटरव्यू में अपनी व्यापक भाषाई विविधता को सहजता से समेटे रखने के लिए भारत की क्षमता पर खासा अचरज जताया.

रूसी राष्ट्रपति ने भारत की प्राचीन सभ्यता का जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता बेहद पुरानी और शोध करने लायक विषय है. उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास, परंपराओं और संस्कृति के बारे में जितना हम जानते हैं, उतनी ही जिज्ञासा बढ़ती जाती है. पुतिन ने कहा कि भारत एक ऐसी प्राचीन सभ्यता है, जिसकी गहराई और विविधता इसे दिन-ब-दिन और अधिक दिलचस्प बनाती है.

'भारत की तरह रूस ने भी कभी भेदभाव नहीं किया'

पुतिन ने इंटरव्यू के दौरान भारत के साथ रूस के बहुसांस्कृतिक ताने-बाने की भी तुलना की. उन्होंने कहा कि भारत की तरह रूस में विभिन्न समुदायों और भाषा-भाषियों को अपनी धार्मिक मान्यताओं, रीति-रिवाजों, भाषाओं और आध्यात्मिक पहचान को बनाए रखने की पूरी आजादी रही है.

ये भी पढ़ें- 17 लड़कियां, रूसी अरबपति और पुतिन तक पहुंचने की कोशिश... एपस्टीन के रूस कनेक्शन पर बड़ा खुलासा

उन्होंने जोर देकर कहा, रूसी सभ्यता ने कभी किसी को अपने नीचे दबाने की कोशिश नहीं की. हमारी परंपरा हमेशा से अलग-अलग समुदायों को अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखने की अनुमति देने की रही है.

पहले भी कई बार भारत की कर चुके हैं तारीफ

बताते चलें कि यह पहली बार नहीं है, जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की भाषायी विविधता की जमकर सराहना की हो. वे इससे पहले भी कई इंटरव्यू में भारत की तारीफ कर चुके हैं. ऐसा करके वे न केवल भारत के प्रति अपने सम्मान को दिखा रहे होते हैं बल्कि यह भी जताने की कोशिश कर रहे होते हैं कि दुनिया भारत से कितना कुछ सीख सकती है.

आपको बता दें भारत में छोटी-बड़ी करीब 600 भाषाएं बोली जाती हैं. इनमें बड़े स्तर पर बोली जाने वाली 22 भाषाओं को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में मान्यता दी गई है. केंद्र सरकार के कामकाज में हिंदी और अंग्रेजी का इस्तेमाल होता है. जबकि राज्यों में क्षेत्रीय भाषाओं में सरकारी कामकाज होता है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES