फिलीपींस में बड़ा विमान हादसा: ट्रेनिंग के दौरान आसमान में टकराए एयरफोर्स के 2 विमान, 4 पायलटों की मौत
Plane Crash In Phillippines: फिलीपींस में वायुसेना के इलाके के अंदर एक बड़ा विमान हादसा हुआ. इसमें 4 पायलटों की मौत हो गई. हादसे के दौरान SF-260 विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा था. दुर्घटना की जांच की जा रही है.
Phillippines Plane Crash: फिलीपींस में शुक्रवार ( 23 अक्टूबर 2026) को फर्नांडो एयर बेस पर ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान फिलीपींस वायु सेना (PAF) के 2 SF-260 ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जिसमें 4 पायलटों की मौत हो गई. इस हादसे की जांच पूरी होने तक सभी SF-260 विमानों की उड़ान पर अस्थायी रोक लगा दी गई है.
फिलीपींस वायु सेना ने घटना की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर दी है, जिसमें PAF ने 4 पायलटों की मौत पर शोक जाहिर किया है.
4 पायलटों की मौत
PAF ने अपने पोस्ट में लिखा,' फिलीपींस वायु सेना (PAF) ने 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजकर 51 मिनट पर फर्नांडो एयर बेस पर एक ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान दो SF-260 विमानों से जुड़ी एक विमान दुर्घटना में अपने 4 पायलटों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है.'
PAF के मुताबिक, दोनों विमान एयरफोर्स के बॉर्डर के अंदर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे को लेकर PAF का कहना है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है और एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर सभी SF-260 विमानों को अस्थायी रूप से उड़ान भरने से रोक दिया गया है. इसके अलावा PAF ने दिवंगत पायलटों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह उनके परिवारों के साथ को-ऑर्डिनेट कर उन्हें जरूरी मदद पहुंचा रहे हैं. अपने बयान में एयरफोर्स ने कहा,' PAF हमारे शहीद पायलटों की सेवा और बलिदान का सम्मान करता है और उनके शोक संतप्त परिवारों के साथ समन्वय कर आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है.' मृतकों के परिवारों के अनुरोध पर वायु सेना ने जनता से इस दौरान उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की है.
आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान
फिलीपींस की लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 विमान हवा में ही आपस में टकराकर एयर बेस परिसर के अंदर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गए.
इससे पहले भी मई 2026 में नॉर्थ फिलीपींस के पहाड़ी इलाके में एक SF-260 ट्रेनर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 पायलटों की मौत हो गई थी. साल 2023 में भी एक ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान SF-260 TP मार्केटी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 2 पायलट मारे गए थे.
आतंकवादियों से लड़ा था SF-260
बता दें कि SF-260 विमानों का इस्तेमाल साल 2017 की एक बड़ी घटना में भी किया गया था. यहां इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकवादियों ने दक्षिणी फिलीपींस के मारावी शहर के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया था, तब सेना ने वहां किए गए हवाई हमलों के दौरान SF-260 विमानों को ही उपयोग में लिया था.