SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पाकिस्तान में तेल चोरी का 'अंडरग्राउंड कारोबार', रसोई से सुरंग खोदकर 39 दिन में लूटा 49000 लीटर फ्यूल

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में स्टेट ऑयल की मेन पाइपलाइन से चोरों ने करोड़ों रुपये की कीमत का 49000 लीटर फ्यूल चुरा लिया है. जांच के दौरान, घर की रसोई में फर्श के एक हिस्से के नीचे एक गड्ढा मिला. यहां से एक 15 किमी लंबी पाइपलाइन जा रही थी.

Written By Rachit Kumar
Published: Nov 25, 2026, 14:20 IST | Updated: Nov 25, 2026, 14:30 IST
Image Credit: पाकिस्तान में तेल तस्करों का आतंक रुक नहीं रहा है.
Join

एक तरफ पाकिस्तान की अवाम दाने-दाने को तरस रही है. उसके हुक्मरान खाली खजाना देखकर आईएमएफ या मित्र देशों के सामने कटोरा लेकर खड़े हो जाते हैं. अब उसी पाकिस्तान में तेल चोरों ने प्रशासन की नाक में दम किया हुआ है. पाकिस्तानी अखबार 'द डॉन' के मुताबिक, पिछले 39 दिनों में इस्लामाबाद के ग्रामीण इलाके में बिछाई गई पाकिस्तान स्टेट ऑयल (PSO) की मुख्य पाइपलाइन से चोरों ने 1.76 करोड़ रुपये की कीमत का 49,000 लीटर ईंधन चुरा लिया है.

PSO सिहाला टर्मिनल के अधिकारी मोहम्मद रहमत उल्लाह की शिकायत पर, पुलिस ने पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 462-B (पेट्रोलियम पाइपलाइन के साथ छेड़छाड़) और धारा 34 (कई लोगों के एक समान इरादे से किया गया काम) के तहत मामला दर्ज किया है.

15 किमी लंबी पाइपलाइन से किया खेल

FIR के अनुसार, PSO सिहाला इंस्टॉलेशन, 15 किलोमीटर लंबी और 8 इंच डायमीटर वाली पाइपलाइन के जरिए अटक रिफाइनरी लिमिटेड से जुड़े हुए हैं. 16 अक्टूबर से, अधिकारियों ने देखा कि हर दिन कुछ खास घंटों में पाइपलाइन का दबाव लगातार कम हो रहा था. इसके बाद, तेल चोरी का पता लगाने के लिए इस लाइन की कड़ी निगरानी शुरू की गई.

23 नवंबर को, पाइपलाइन की गश्त के दौरान PSO के सुरक्षा गार्डों ने मॉडल टाउन के एक घर में संदिग्ध गतिविधि देखी, जहां एक 'शाहजोर' ट्रक खड़ा था, जिसमें एक टैंक लगा हुआ था. इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई.

बाद में, PSO की सुरक्षा टीम के साथ पुलिस उस घर में पहुंची, जहां उन्हें एक शख्स मिला.घर की तलाशी लेने पर वहां एक ट्रक, एक बोलन गाड़ी और एक मोटरसाइकिल मिली. पूछताछ करने और उस शख्स से मिली जानकारी के आधार पर, घर की रसोई में फर्श के एक हिस्से के नीचे एक गड्ढा मिला.

तेल चुराने के लिए उस गड्ढे में एक हाई-प्रेशर पाइप और नोजल लगा हुआ था. उस शख्स ने बताया कि पाइपलाइन दीवार के साथ-साथ एक प्लॉट की तरफ जा रही है.

फर्श के नीचे मिली सुरंग

इस जानकारी के आधार पर, सिटिंग रूम के फर्श को खोदा गया, जिसके नीचे एक सुरंग मिली. उस व्यक्ति के मुताबिक, यह सुरंग सीधे PSO की मुख्य पाइपलाइन से जुड़ी हुई थी.

जांच के दौरान, उस शख्स ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से अलग-अलग जगहों और अलग-अलग समय पर पेट्रोलियम उत्पादों की चोरी कर रहा था.

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों की इस हरकत से PSO को लगभग 49,000 लीटर डीजल का नुकसान हुआ है, जिसकी कीमत 1.76 करोड़ रुपये है. अक्टूबर 2024 में, चोरों ने हुमाक इलाके में बिछाई गई PSO की पाइपलाइन से इसी तरह 302,046 लीटर डीजल चुरा लिया, जिसकी कीमत 8 करोड़ रुपये से ज्यादा थी.

दो संदिग्ध गिरफ्तार

जुलाई 2026 में, फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने PSO के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया, जिसमें सिहाला के पास PSO की मुख्य पाइपलाइन से डीजल चुराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया गया और दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया.

बताया जाता है कि यह गिरोह पांच से छह महीने तक एक्टिव रहा और पाइपलाइन से हर दिन 20,000 लीटर डीजल अवैध रूप से निकाला जा रहा था.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES