PAK में बलूच लड़ाकों का कहर, SSG कमांडोज को ढूंढ-ढूंढकर बना रहे निशाना; 'ऑपरेशन अलमास' से खौफ में आई पाकिस्तानी सेना
पाकिस्तान के हुक्मरानों के लिए बलूच लड़ाके ऐसा सिरदर्द बन चुके हैं, जिनका वे कोई इलाज नहीं ढूंढ पा रहे हैं. अब बलूच संगठन BLF ने 'ऑपरेशन अलमास' शुरू करके पाकिस्तान में कहर मचा दिया है.
कंगाल हो चुका पाकिस्तान धीरे-धीरे अब बिखरने की कगार पर बढ़ रहा है. बलूचिस्तान प्रांत उसके हाथ से लगभग बाहर जा चुका है. रात के वक्त वहां पर पुलिस तो क्या फौज की भी गश्त करने की हिम्मत नहीं होती. दिन में भी फौजी जब गश्त पर निकलते हैं तो उन पर हर वक्त मौत का साया मंडराता रहता है. अब बलूच लड़ाके वहां की फौजी ही नहीं, बल्कि फौज के ट्रेंड कमांडोज को भी चुन-चुनकर अपना निशाना बना रहे हैं.
पाकिस्तानी सैनिकों पर कहर बनकर टूट रहे बलूच
अब बलूच लिबरेशन फ्रंट यानी BLF ने अपने चल रहे 'ऑपरेशन अलमास' के तहत पाकिस्तानी सेना के कई कमांडोज को मार गिराने का दावा किया है. संगठन के प्रवक्ता मेजर गोहराम बलोच के मुताबिक, उनके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के स्पेशल सर्विसेज ग्रुप (SSG) के कई कमांडोज को ढेर कर दिया है. इसकी वजह से पाकिस्तानी बलों को जन-धन का भारी नुकसान उठाकर पीछे हटना पड़ा है.
ग्वादर में मचा रखा है कोहराम
BLF प्रवक्ता ने दावा किया कि उनके लड़ाकों ने फ्रंटियर वर्क्स ऑर्गनाइजेशन (FWO) के मुख्य शिविर पर कब्जा कर लिया है. इसके साथ ही, ग्वादर जीरो पॉइंट पर संगठन का झंडा फहरा दिया है. संगठन ने अपने इस अभियान में मुझानी पुलिस स्टेशन पर कंट्रोल करने, पुलिसकर्मियों के हथियार और अन्य उपकरण लूटने का भी दावा किया. इस दौरान एक पुलिस वाले ने विरोध करने की कोशिश की, जिसे मौत के घाट उतार दिया गया.
फौज को ले जा रहे काफिले पर हमला
बलूच लड़ाकों के प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि उनके फाइटर्स ने फौजियों को ले जा रहे एक काफिले पर हमला किया. इस अटैक में सेना का एक वाहन नष्ट हो गया और उसमें यात्रा कर रहे काफी जवान मारे गए. बलूच लड़ाकों ने गुब्ड क्रॉस पर एक पुलिस चौकी का नियंत्रण भी अपने हाथों में ले लिया.
ये भी पढ़ें- ईरान ने बॉर्डर पर लगाया ताला, 'बिचौलिए' पाकिस्तान में चूल्हे हो जाएंगे ठप? 8000 रुपये के पार LPG सिलेंडर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियोज
BLF प्रवक्ता ने कहा कि 'ऑपरेशन अलमास' पूरी क्षमता के साथ अभी भी कई मोर्चों पर जारी है. इस अभियान में पाकिस्तानी बलों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है. बलूच लड़ाकों के इन हमलों से जुड़े कई वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. जिसमें दिख रहा है कि फौजी वर्दी पहने बलूच फाइटर्स गोलियां बरसा रहे हैं. साथ ही बलूच महिला फाइटर भी इस ऑपरेशन में एक्शन लेती दिखाई दी.