SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हथौड़े, ड्रिल और एसिड से भी नहीं टूटा ये रहस्यमयी पत्थर: म्यूजियम में हुई जांच तो खुला ऐसा राज कि वैज्ञानिक भी रह गए दंग

सोने की तलाश में निकले एक शख्स के हाथ 17 किलो की रहस्यमयी चट्टान लगी. सालों तक हथौड़ा और एसिड भी इसे तोड़ नहीं पाए, लेकिन जब असलियत सामने आई तो वैज्ञानिक भी हैरान रह गए.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 29, 2026, 23:26 IST | Updated: Nov 29, 2026, 23:28 IST
Image Credit: डेविड होल को यह भारी-भरकम, लाल रंग का पत्थर मेरीबरो रीजनल पार्क की पीली मिट्टी में दबा हुआ मिला था.
Join

कहते हैं न कि ऊपरवाला जब देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है. ऑस्ट्रेलिया के एक शख्स की किस्मत कुछ इसी अंदाज में चमकी है. शख्स सालों तक एक भारी पत्थर को सोना समझकर घर में रखे रहा और उसे तोड़ने की एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया, लेकिन जब हर जुगाड़ फेल हो गया, तो आखिर में उस पत्थर की जांच करवाई. जब रिपोर्ट आई तो हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि जिस पत्थर को असल में वह सोना समझ रहा था वो गोल्ड से भी कई गुना ज्यादा कीमती चीज निकली.

'साइंस अलर्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला मध्य विक्टोरिया का है, जो साल 2015 में चर्चा में आया था. हुआ ये कि डेविड होल नाम के एक शख्स मध्य विक्टोरिया के मेरीबरो रीजनल पार्क में मेटल डिटेक्टर लेकर सोने की तलाश कर रहे थे. तभी उनके हाथ 17 किलो का यह भारी-भरकम पत्थर लगा था. लाल रंग का यह पत्थर पीली मिट्टी में दबा हुआ था.

'गोल्डफील्ड्स' इलाके में मिला था भारी-भरकम पत्थर

जिस जगह यह बेशकीमती चीज मिली वो इलाका ऑस्ट्रेलिया के मशहूर 'गोल्डफील्ड्स' क्षेत्र में आता है, जहां 19वीं सदी में सोने की खुदाई चरम पर थी. यही वजह थी कि डेविड को पक्का यकीन हो गया कि इस भारी पत्थर के अंदर सोने की कोई बड़ी डली छिपी हुई है.

आरी, ड्रिल, एसिड और हथौड़ा सब हो गए फेल

डेविड को पूरा भरोसा था कि इस पत्थर के भीतर सोना छिपा है, इसलिए वो उसे घर ले गए. इसे तोड़ने के लिए डेविड ने पूरी कोशिश की. उन्होंने रॉक सॉ (पत्थर काटने वाली आरी), एंगल ग्राइंडर और ड्रिल मशीन तक का यूज किया, लेकिन जब इनसे काम नहीं बना, तो उन्होंने इस पर एसिड डाला और बड़े हथौड़े से भी जोरदार वार किए, लेकिन पत्थर टस से मस नहीं हुआ और उस पर खरोंच तक नहीं आई.

म्यूजियम ले जाने पर खुला राज

कई साल तक जोर लगाने के बाद भी पत्थर नहीं टूटा, तो डेविड होल इसे टेस्टिंग के लिए मेलबर्न म्यूजियम ले गए. वहां के जियोलॉजिस्ट डर्मोट हेनरी ने पत्थर को देखते ही अंदाजा लगा लिया कि इसका कनेक्शन अंतरिक्ष से है. हेनरी ने बताया, 'इसकी बाहरी सतह पर खास तरह के गड्ढे (डिम्पल) बने हुए थे. ऐसा तब होता है जब उल्कापिंड धरती के एटमॉस्फियर में एंट्री करते हैं. 

बाहर से पिघलने की वजह से हवा उन्हें ऐसा शेप दे देती है.' हेनरी के अनुसार, 37 साल के करियर में उन्होंने हजारों पत्थरों की जांच की, जिन्हें लोग मीटियोराइट समझते थे. लेकिन उनमें से केवल दो ही असली निकले और डेविड की खोज उन्हीं में से एक है.

जांच में निकला 4.6 अरब साल पुराना 'मेरीबरो उल्कापिंड'

वैज्ञानिकों ने नजदीकी शहर के नाम पर इस दुर्लभ पत्थर को 'मेरीबरो उल्कापिंड' नाम दिया. करीब 17 किलोग्राम के इस उल्कापिंड की उम्र 4.6 अरब साल आंकी गई है. इसके अंदर क्या है, यह जानने के लिए साइंटिस्ट्स ने हीरे की आरी से इसका एक छोटा टुकड़ा काटा. टेस्टिंग में पता चला कि इसमें लोहे की मात्रा काफी ज्यादा है, जिसके चलते इसे 'H5 ऑर्डिनरी कॉन्ड्राइट' श्रेणी में रखा गया. कटे हुए हिस्से में सिलिकेट खनिजों की छोटी-छोटी क्रिस्टलीय बूंदें भी नजर आईं, जिन्हें 'कॉन्ड्रूल्स' कहते हैं. इस रिसर्च को 'प्रोसीडिंग्स ऑफ द रॉयल सोसाइटी ऑफ विक्टोरिया' जर्नल में छापा गया है.

अंतरिक्ष के कई बड़े रहस्य खोलते हैं ऐसे उल्कापिंड

डर्मोट हेनरी का कहना है कि उल्कापिंड अंतरिक्ष को समझने का सबसे किफायती तरीका है. इनके जरिए हमें सौर मंडल और पृथ्वी के बनने, उसकी उम्र और रसायन विज्ञान से जुड़े कई बड़े राज पता चलते हैं. इसके अलावा, कुछ दुर्लभ उल्कापिंडों में अमीनो एसिड जैसे कार्बनिक अणु भी पाए जाते हैं, जो जीवन के निर्माण की मूल इकाई माने जाते हैं.

कहां से आया था यह उल्कापिंड?

वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मेरीबरो उल्कापिंड मंगल और बृहस्पति ग्रह के बीच स्थित एस्टेरॉयड बेल्ट से आया है. डर्मोट हेनरी के अनुसार, अंतरिक्ष में क्षुद्रग्रहों की आपसी भिड़ंत की वजह से यह टुकड़ा अलग हुआ होगा और बाद में पृथ्वी की ओर खिंचा चला आया. हालांकि, यह धरती पर ठीक कब गिरा, इसकी सटीक जानकारी नहीं है, फिर भी, कार्बन डेटिंग से पता चलता है कि यह चट्टान पृथ्वी पर 1,000 साल से भी कम वक्त से पड़ी थी.

ये भी पढ़ें: रात 3 बजे तक गेम खेलता था पति, तंग आकर पत्नी ने दी 'डिजिटल सुपारी', कैरेक्टर की मौत ने सुलाया चैन की नींद

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES