)
Uttarakhand Weather Today: देवभूमि उत्तराखंड में मौसम ने अचानक तेवर बदल लिए हैं. मानसूनी विदाई के बीच एक बार फिर बादलों की गड़गड़ाहट और ठंडी हवाओं ने राज्य के पर्वतीय व मैदानी इलाकों में दस्तक दे दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 और 9 अक्टूबर के लिए राज्य में तेज आंधी और भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इस मौसमी उथल-पुथल के कारण इस बार अक्टूबर में गुलाबी ठंड की जगह लोगों को समय से पहले ही कड़ाके की ठंड का अहसास होने वाला है.
इससे पहले बुधवार की शाम हल्द्वानी समेत आसपास के तराई-भाबर इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया.
3800 मीटर की ऊंचाई पर बिछेगी बर्फ की चादर
हिमालयी इलाकों में पहले ही 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 से 12 अक्टूबर के बीच बर्फबारी का दायरा नीचे खिसककर 3,800 मीटर तक आ सकता है. इसके चलते उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की मोटी सफेद चादर में ढक जाएंगी. पहाड़ों पर हो रही इस बर्फबारी और बारिश की वजह से मैदानी इलाकों में भी पारा तेजी से गिरेगा.
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर का कहना है कि 9 अक्टूबर को भी देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. जिससे तापमान में भारी गिरावट आने की संभावना है.
मैदान से पहाड़ तक बारिश-आंधी का कहर
मौसम विभाग के अनुसार, 12 अक्टूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के तेज दौर जारी रह सकते हैं. आज पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत, टिहरी गढ़वाल और ऋषिकेश में भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. वहीं, राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान जताया गया है.
चारधाम यात्रियों और पर्यटकों के लिए जरूरी सलाह
अचानक बदलते मौसम के मिजाज और गिरते तापमान को देखते हुए पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और चारधाम यात्रियों को सलाह दी गई है. अगर आप आने वाले दिनों में उत्तराखंड की वादियों या तीर्थयात्रा पर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त गर्म कपड़े, वाटरप्रूफ जैकेट और आवश्यक दवाइयां साथ रखना न भूलें. पहाड़ों का सफर शुरू करने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर लें, ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित और आरामदायक बनी रहे.