उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: चार जिलों में बर्फबारी-बारिश का अलर्ट, मैदानों में सर्द हवाएं बढ़ाएंगी ठिठुरन
गुरुवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के 3500 मीटर से ऊंचे इलाके में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. जानिए अगले कुछ दिनों के मौसम का हाल...
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है. यहां अब गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है. वहीं उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी से तापमान गिरता जा रहा है. मौसम केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है. जबकि, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि इन चार जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. हालांकि, कोई औपचारिक अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन पहाड़ों में शुरू हुई यह बर्फबारी सुबह और शाम की ठंड में इजाफा करने वाली है.
अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
अब अगर अगले कुछ दिनों के मौसम की बात करें तो 23 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के उच्च शिखरों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं. 24 और 25 अक्टूबर को इस लिस्ट में बागेश्वर जिला भी जुड़ जाएगा, जहां ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. 26 अक्टूबर को बागेश्वर को छोड़कर बाकी चार पर्वतीय जिलों में छिटपुट बारिश और बर्फबारी की स्थिति बनी रहेगी. 27 अक्टूबर को पूरे राज्य में आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा और मौसम शुष्क रहेगा.
पर्यटन स्थलों में सुहावना मौसम
देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी शहरों में गुरुवार को मौसम बिल्कुल साफ रहेगा. दिन में चटक धूप खिलने से दोपहर के समय मौसम सामान्य रहने वाला है. हालांकि, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते शाम होते ही सर्द हवाएं मैदानों तक पहुंचेगी, जिससे रात के तापमान में गिरावट आएगी. दूसरी ओर नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी और टिहरी जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर मौसम खुशनुमा बना हुआ है. बारिश या बर्फबारी न होने से पर्यटक खुले आसमान और गुनगुनी धूप का आनंद ले रहे हैं. सुबह-शाम गुलाबी ठंड के एहसास के साथ ही स्थानीय बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग अचानक बढ़ गई है.
पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में सड़कें बंद
मानसून की विदाई को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन पर्वतीय इलाकों में आवाजाही अभी भी पूरी तरह पटरी पर नहीं लौटी है. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में अभी भी 8 ग्रामीण सड़कें बंद पड़ी हैं. सबसे ज्यादा असर सीमांत पिथौरागढ़ जिले पर पड़ा है, जहां 5 ग्रामीण रास्ते बाधित हैं. इसके अलावा अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भी एक-एक मार्ग बंद होने से दूरस्थ गांवों का संपर्क कटा हुआ है. इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि मशीनों की मदद से बंद रास्तों को खोलने का काम युद्ध स्तर पर जारी है.
यह भी पढ़िए: यूपी में करवट ले रहा मौसम, दिन में खिली धूप तो सुबह-शाम बढ़ी ठंडक; जानें अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान