नवंबर जैसी ठंड, अक्टूबर का महीना: उत्तराखंड में मौसम की यू-टर्न ने लोगों को पहनाए स्वेटर, यहां बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
Uttarakhand ka Mausam: उत्तराखंड में मौसम अचानक बदल गया है. पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे तापमान तेजी से गिर गया है. देहरादून, ऋषिकेश, टिहरी और उत्तरकाशी में बारिश हो रही है. इसकी वजह से मैदान से लेकर पहाड़ तक ठिठुरन बढ़ गई है. ऐसे में जानिए 17 अक्टूबर तक मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है?
Uttarakhand Weather Today: मानसूनी विदाई के साथ ही उत्तराखंड में अक्टूबर की शुरुआत में ही ठंड ने दस्तक दे दी है. पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है. पिथौरागढ़ के सीमांत और ज्योलिंगकोंग, कालापानी और नाभीढांग जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की चौथी बर्फबारी हुई है. लगातार बर्फबारी के चलते इन क्षेत्रों में तापमान तेजी से लुढ़का है, जिससे चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है.
आज कैसा रहने वाला है मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, आज राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है. जिन जिलों में बारिश होने की उम्मीद है, उनमें देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले शामिल हैं. इसके अलावा 3500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की उम्मीद है. आज प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है.
इन जिलों में हल्की बारिश/बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि 13 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, 3500 मीटर से ऊपर बर्फबारी होने की संभावना है. अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा. 14 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश/बर्फबारी (3500 मीटर व ऊपर) हो सकती है. जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.
17 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि 15 अक्टूबर को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और 3500 मीटर से ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है. अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ स्थानों और गढ़वाल मंडल के जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, 3800 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी होने की संभावना है. इसके अलावा 17 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में बहुत हल्की बारिश/बर्फबारी (3800 मीटर से ऊपर) होने के आसार है. जबकि, बाकी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा.
तापमान में भारी गिरावट
देहरादून और तीर्थनगरी ऋषिकेश में हुई झमाझम बारिश ने माहौल को पूरी तरह ठंडा कर दिया है. देहरादून में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी ठंडी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने सिहरन पैदा कर दी है. टिहरी और अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय जिलों में पिछले दो दिनों के भीतर अधिकतम पारे में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है. इस अचानक आए बदलाव से पहाड़ी बस्तियों में ठिठुरन काफी बढ़ गई है.
सीमांत जिले उत्तरकाशी में सुबह से छाए घने बादलों और अस्थिर मौसम के कारण घाटियों में ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है.