Uttarakhand Rain Alert: आंधी-बारिश और बर्फबारी...देहरादून से पिथौरागढ़ तक फिर मौसम काटेगा गदर, पढ़ें नया अलर्ट
Uttarakhand ka Mausam: उत्तराखंड में मौसम का तेवर तल्ख हैं. पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से पहाड़ से लेकर मैदान तक आंधी, बारिश और ओलों का तांडव देखने को मिल रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों के लिए नई भविष्यवाणी कर दी है. साथ ही चारधाम यात्रियों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है. जानिए लेटेस्ट अपडेट...
Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद कुदरत ने अचानक ऐसा यू-टर्न लिया है कि पहाड़ से लेकर मैदान तक हाहाकार मच गया है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र की चेतावनी आज सच साबित होती दिख रही है, जहां राज्य के सभी 13 जिलों में बादलों का डेरा और झमाझम बौछारों के साथ बड़े-बड़े ओले कहर बरपा रहे हैं.
देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं और आकाशीय बिजली ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी हैं.
आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग का कहना है कि आज पूरे राज्य के मौसम में बड़ा उथल-पुथल देखने को मिल सकता है. देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बिजली चमकने की संभावना है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती है. इतना ही नहीं, 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की स्थिति बनी रहेगी.
पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर का कहना है कि भले ही मानसून राज्य से विदा ले चुका है, लेकिन इसके आफ्टर इफेक्ट्स और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से यह मौसमी बदलाव आया है. अगले दो दिनों तक राज्य के पर्वतीय इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है. खासतौर से 3500 मीटर से ऊपर के इलाकों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर ने चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को पहाड़ी रास्तों पर ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है.
11 से 15 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि 11 अक्टूबर के बाद मौसम की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आएगी, लेकिन पर्वतीय इलाकों में गतिविधियां जारी रहेंगी. 11 अक्टूबर को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और 3500 मीटर से ऊंचे जगहों पर बर्फबारी हो सकती है. मैदानी जिले हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क और साफ रहेगा. 12 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश, आकाशीय बिजली और बर्फबारी की संभावना है. अन्य जिलों में मौसम साफ रहने वाला है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है. जबकि, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी संभव है. अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा. 14 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की बर्फबारी होगी. जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.
इसके अलावा 15 अक्टूबर को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और हिमपात के आसार बने रहेंगे. अन्य जिलों में धूप खिली रहेगी.
लगातार बारिश से बढ़ी ठिठुरन
चमोली के देवाल में थराली-वाण मोटर मार्ग पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर और मलबा गिरने से एक वाहन मलबे में फंस गया, जिससे घंटों आवाजाही ठप रही. वहीं, उत्तरकाशी और भटवाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश से ठिठुरन इतनी बढ़ गई है कि लोगों को एक बार फिर गर्म स्वेटर और कंबल निकालने पड़ गए हैं.
आफत वाली बारिश ने मचाई तबाही
मैदानों में भी इस आफत वाली बारिश ने भारी तबाही मचाई है. ऊधम सिंह नगर के गदरपुर, दिनेशपुर और बाजपुर में दोपहर के वक्त अचानक आए आंधी-तूफान के साथ हुई भीषण ओलावृष्टि से धान की लहलहाती फसलें तबाह हो गईं. तेज हवाओं के थपेड़ों से बिजली के खंभे उखड़ गए, पेड़ गिर गए और हाईवे पर एक बड़ा कंटेनर चलती कार पर जा पलटा.
गनीमत रही कि कार सवार बाल-बाल बच गए. उधर, हरिद्वार के रोशनाबाद में गिरे असामान्य रूप से बड़े आकार के ओलों ने सड़कों पर खड़ी गाड़ियों के शीशे चकनाचूर कर दिए.राजधानी देहरादून और नैनीताल में भी झोंकेदार हवाओं के बीच हुई बारिश ने उमस से राहत तो दी, लेकिन गुलाबी ठंड का अहसास करा दिया है.