उत्तराखंड के टिहरी में नरेंद्रनगर में चल रहे 50वें कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में बीती रात जमकर हंगामा हो गया. मेला संरक्षक और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी को मंच पर ही जमकर डांट लगा दी. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि पंजाबी सिंगर नशे में शो करने पहुंच गए थे.
लाइव परफॉर्म करने पहुंचे थे दलेर मेहंदी
दरअसल, 18 अक्टूबर की रात मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी परफॉर्म करने पहुंचे थे. मंच पर स्टार लाइटिंग के बीच परफॉर्मेंस शुरू होने ही वाली थी कि अचानक कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर चढ़ गए और माइक लेकर दलेर मेहंदी को फटकारना शुरू कर दिया. वीडियो में सुना जा सकता है कि कैबिनेट मंत्री कह रहे हैं, जब बोल ही नहीं सकते तो गाओगे कैसे? ये कुंजापुरी मेला है, कोई प्राइवेट शो नहीं.
वीडियो में क्या कहते दिख रहे मंत्रीजी
वायरल वीडियो में सुना जा सकता है कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल दलेर मेहंदी से कहते दिख रहे हैं कि, 'इतना पैसा देकर हमने आपको बुलाया है. ड्रंक होकर आप लोगों को बेवकूफ बना रहे हो, यहां पर मिक्सर के द्वारा आप आवाज निकाल रहे हो, गलत बात है ये. बड़े नाम को हमेशा आपको सम्मान करना चाहिए, आपको इसलिए ही बुलाया कि आप बड़ा नाम है. आपसे बोला तो जा नहीं रहा, आप गाना क्या गाएंगे? इट्स नॉट फेयर.”
मंच पर सिंगर को लगाई फटकार
इतना ही नहीं कैबिनेट मंत्री कह रहे हैं कि आपसे बोला तो जा नहीं है, ऐसे में गाना क्या गाएंगे. इस दौरान दलेर मेहंदी चुपचाप खड़े रहे और आयोजक बीच-बचाव करते दिखे. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सिंगर नशे में थे और साफ बोल नहीं पा रहे थे, इसी से कैबिनेट मंत्री नाराज हो गए. हालांकि, इस पर अभी तक मंत्री या सिंगर की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
दर्शकों की नाराजगी पर मंच पर चढ़े कैबिनेट मंत्री
वहीं, दलेर मेहंदी को लाइव सुनने पहुंचे दर्शकों का कहना है कि दलेर मेहंदी ने मंच पर शुरुआत में एक-दो गाना गाया इसके बाद मंच पर उनके पीछे से किसी और की आवाज का ट्रैक बजने लगा. दर्शकों ने इसे धोखा बताया और हूटिंग करने लगे. स्थानीय लोगों की नाराजगी पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भड़क गए. वह खुद को रोक नहीं पाए और मंच पर आ गए.
(टिहरी उत्तराखंड से सुरेंद्र डसिला की रिपोर्ट)