)
PM Modi Uttarakhand Visit/ सुरेंद्र डसीला: इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवभूमि उत्तराखंड के दौरे पर आ सकते हैं. सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने उनके दौरे के कार्यक्रम को हरी झंडी दे दी है, हालांकि आधिकारिक तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है. माना जा रहा है कि 20 से 25 अक्टूबर के बीच प्रधानमंत्री केदारनाथ धाम और टिहरी पहुंच सकते हैं.
केदानथान धाम आएंगे पीएम मोदी-सूत्र
2014 में देश की कमान संभालने के बाद बतौर प्रधानमंत्री यह उनका सातवां केदारनाथ दौरा होगा. दरअसल, समुद्र तल से 11,755 फीट की ऊंचाई पर बने देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा केदारनाथ धाम से प्रधानमंत्री मोदी का गहरा और आध्यात्मिक जुड़ाव है. सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी इस दौरान भगवान शिव के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे. इसके साथ ही अपने ड्रीम प्रोजेक्ट केदारनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा भी लेंगे.
SPG की टीम ने धाम का किया निरीक्षण
इतना ही नहीं, पीएम मोदी श्रद्धालुओं के सफर को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित गौरीकुंड-केदारनाथ रोपवे परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) की समीक्षा भी करेंगे. सुरक्षा के लिहाज से विशेष सुरक्षा समूह (SPG) की टीम ने धाम का निरीक्षण कर अपनी सुरक्षा रिपोर्ट तैयार कर ली है.
जानिए क्या है पीएम मोदी का कार्यक्रम?
अधिकारियों के मुताबिक, एसपीजी की टीम ने केदारनाथ का निरीक्षण कर सुरक्षा रिपोर्ट दे दी है. केदारनाथ के बाद पीएम टिहरी जाकर टीएचडीसी के 1, 000 मेगावाट के पंप स्टोरेज पावर प्लांट का उद्घाटन भी कर सकते हैं और प्रदेश को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे.
बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड की पवित्र भूमि और बाबा केदार के प्रति आत्मीय, अटूट और आध्यात्मिक लगाव है. जब भी वो केदारपुरी आते हैं तो पूरा धाम नई ऊर्जा से भर जाता है. प्रस्तावित दौरे को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और मंदिर समिति ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं.
2027 विधानसभा चुनाव से पहले अहम दौरा
उन्होंने बताया कि केदारनाथ मंदिर प्रांगण और पूरी केदारपुरी को पुष्पों, तोरण द्वारों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है. कहा जाता है कि पीएम मोदी ने बाबा केदार से जो भी मांगा वो पूरा हुआ, इसलिए वो भोले के बुलावे पर खिंचे चले आते हैं. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पीएममोदी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है.