IIT रुड़की के हॉस्टल में बीटेक छात्र का शव फंदे से लटका मिला, सुसाइड नोट ने सबको रुला दिया
आईआईटी रुड़की के बीटेक सेकंड ईयर छात्र आयुष ने हॉस्टल के कमरे में की आत्महत्या. गाजियाबाद के रहने वाले छात्र का सुसाइड नोट भी मिला. पढ़ें पूरी खबर.
आईआईटी रुड़की से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 20 साल के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे कैंपस और शिक्षा जगत को हिला कर रख दिया. आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन हॉस्टल के एक कमरे में बीटेक सेकंड ईयर के छात्र का शव पंखे से लटका मिला. जैसे ही यह खबर बाकी छात्रों और संस्थान प्रशासन तक पहुंची, पूरे परिसर में सनसनी फैल गई. किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि जो लड़का कुछ घंटे पहले तक सबके साथ सामान्य तरीके से बात कर रहा था.. वह अचानक इतना बड़ा कदम उठा लेगा.
गाजियाबाद का रहने वाला था आयुष
यह चौंका देने वाली घटना शुक्रवार देर रात की है. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित राजनगर एक्सटेंशन के रहने वाले 20 वर्षीय आयुष राजोरिया के रूप में हुई है. आयुष यहां बीटेक सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था और अपने सुनहरे भविष्य के सपने बुन रहा था. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और उसने अचानक अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.
कमरे का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया शव
मामले की जानकारी देते हुए सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे कोतवाली पुलिस को गोविंद भवन हॉस्टल में एक छात्र के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट अपनी पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे.
पुलिस जब आयुष के कमरे के बाहर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था. कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो सुरक्षा गार्डों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया. जब पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई तो सामने का नजारा बेहद दर्दनाक था. आयुष का शव चादर के फंदे से पंखे पर लटका हुआ था. पुलिस ने तुरंत शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया.
सुसाइड नोट में क्या लिखा था
इस पूरी घटना की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. इस नोट की बातें पढ़कर हर किसी की आंखें नम हो गईं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा है कि वह अपनी जिंदगी से परेशान हो चुका है और जीवन का आनंद नहीं उठा पा रहा है. हालांकि इस नोट में उसने अपनी मौत के लिए किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है और न ही किसी पर कोई आरोप लगाया है.
इस नोट से साफ जाहिर होता है कि आयुष किसी गहरे मानसिक तनाव या अवसाद से गुजर रहा था. पढ़ाई का बोझ, भविष्य की चिंता या फिर कोई निजी उलझन, इन सब चीजों ने शायद उसके मन पर इतना गहरा असर डाला कि उसने बिना किसी से कुछ कहे यह आत्मघाती कदम उठा लिया. एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक तहरीर नहीं मिली है, लेकिन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हर पहलू से मामले की जांच जारी है.
युवाओं पर बढ़ता दबाव और हमारी जिम्मेदारी
यह कोई पहला मामला नहीं है जब देश के किसी शीर्ष संस्थान से ऐसी हृदयविदारक खबर सामने आई हो. आज की युवा पीढ़ी एक तरफ कड़े मुकाबले का सामना कर रही है, तो दूसरी तरफ अपने मन की बात किसी से साझा नहीं कर पाती. समाज और परिवार की उम्मीदों का बोझ कई बार इतना भारी हो जाता है कि युवा मन उसे सहन नहीं कर पाता. आयुष के जाने से उसका पूरा परिवार बिखर गया है और गाजियाबाद से लेकर रुड़की तक सन्नाटा पसरा हुआ है. एक होनहार छात्र ने अपनी जिंदगी की शुरुआत में ही हार मान ली.
(करन खुराना की रिपोर्ट)
(हेल्पलाइन : जीवन अनमोल है. किसी को भी किसी भी कारण हताशा, निराशा या डिप्रेशन हो तो कोई भी गलत कदम उठाने से पहले सरकार के हेल्पलाइन नंबर +91 9630899002, +91 7389366696 पर संपर्क करें.)