Haridwar Husband Climbs Mobile Tower/ करण खुराना: उत्तराखंड के हरिद्वार से एक फिल्मी ड्रामा सामने आया है. यहां एक युवक अपनी पत्नी की बेवफाई से इस कदर आहत हुआ कि वह सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। फिर उसने अपनी पत्नी के लिए करीब 7 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा किया. नीचे खड़े पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उसे सुरक्षित उतारने के लिए पसीना बहाते रहे, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा. इस ड्रामे के चलते इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और हड़कंप मचा रहा.
प्रेमी के साथ भागी पत्नी और टावर पर चढ़ाई
घटना हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवालिक नगर की है. पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मिल्की निवासी विशाल राम सोमवार सुबह करीब 11 बजे अचानक एक मोबाइल टॉवर पर जा चढ़ा. पूछताछ में सामने आया कि विशाल की पत्नी कुछ दिन पहले उसे छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी. वह गुजरात में रहता था, जहां से वह अपनी पत्नी की तलाश में पहले बागपत के बढ़ौत पहुंचा और फिर वहां से भटकते हुए हरिद्वार आ गया.
पुलिस का कहना है कि कई दिनों की तलाश के बाद भी जब पत्नी का सुराग नहीं लगा, तो उसने अपना मानसिक संतुलन खो दिया और टावर पर चढ़कर बैठ गया. उसकी जिद थी कि जब तक उसकी पत्नी को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा.
पुलिस-प्रशासन के छूटे पसीने
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाली पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. इसके बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को समझाने की कोशिश की. उसका मोबाइल नंबर लिया और उसकी बात उसकी पत्नी से कराई. अभी उसकी पत्नी लखीमपुर खीरी में है. उसकी पत्नी ने फोन पर साफ इनकार कर दिया कि वह न तो उससे मिलना चाहती है और न ही उसके साथ रहना चाहती है.
पत्नी के इस दो टूक जवाब के बाद भी युवक टावर से उतरने को तैयार नहीं हुआ. पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इससे पहले बढ़ौत में भी यह युवक इसी तरह टावर पर चढ़ने का ड्रामा कर चुका है, जहां स्थानीय पुलिस ने उसे फटकार लगाई थी.
अंधेरा होने पर खुद उतरा नीचे
प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने घंटों तक युवक को मनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा. आखिरकार, जैसे ही शाम ढलने लगी और अंधेरा होने लगा, तो टावर पर बैठे-बैठे युवक को डर सताने लगा. डर के कारण आरोपी खुद टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस और राहत टीमों ने चैन की सांस ली. रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस अब युवक के परिजनों से संपर्क कर रही है, जिनके आने पर उसे उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा.