हरिद्वार, करण खुराना: धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा के दर्शन और पूजन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है. दीपावली से पहले हर की पौड़ी क्षेत्र में 'गंगा सारथी' इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की तैयारी है. नगर निगम की इस पहल से बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को हरकी पैड़ी तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी.
हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर नगर निगम इस जनहितैषी योजना को धरातल पर उतारने जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य धार्मिक नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और प्रदूषण-मुक्त यातायात साधन मुहैया कराना है. प्रस्तावित योजना के तहत शुरुआती चरण में 20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट संचालित की जाएंगी. पहले चरण में मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी और दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक सेवा चलाने की योजना है.
यह सेवा करीब ढाई किलोमीटर के दायरे में संचालित की जाएगी. इस सेवा का प्रस्तावित किराया प्रति यात्री 20 रुपये रखा गया है. यात्रियों की सुरक्षा के लिए गोल्फ कार्ट में जीपीएस ट्रैकिंग, अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था भी की जाएगी. इसके अलावा टिकट काउंटर, चार्जिंग स्टेशन और मेंटेनेंस सेंटर भी बनाए जाने की योजना है. बैटरी से चलने वाले इन वाहनों से धुआं नहीं निकलेगा और ध्वनि प्रदूषण भी कम होगा.
फिलहाल नगर निगम की योजना दीपावली से पहले इस सेवा को शुरू करने की है. इससे हर की पौड़ी और आसपास के धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.