56.18 लाख तीर्थयात्रियों से गूंजी देवभूमि: केदार-बदरी के दर पर टूटा आस्था का रिकॉर्ड, अब तक की सबसे सफल चारधाम यात्रा
Chardham Yatra 2026: चारधाम यात्रा 2026 में नया इतिहास रचा गया है. श्रद्धालुओं का आंकड़ा 56.18 लाख के पार पहुंच गया है. बाबा केदारनाथ, बदरी विशाल, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा, जिसने 2023 के 56.13 लाख तीर्थयात्रियों के सर्वकालिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
Chardham Yatra 2026: देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर इस साल आस्था और भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ा कि अब तक के सारे रिकॉर्ड टूट गए. चारधाम यात्रा 2026 ने सफलता का एक नया और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. इस साल बाबा केदारनाथ, भगवान बदरी विशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 56,18,497 के पार पहुंच गया है.
2023 के सर्वकालिक रिकॉर्ड को छोड़ा पीछे
इसके साथ ही धामी सरकार के नेतृत्व में साल 2023 के 56.13 लाख तीर्थयात्रियों के सर्वकालिक रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया गया है. चारों धामों में इस बार श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्गम पहाड़ियों, मौसम की चुनौतियों और उबड़-खाबड़ रास्तों के बावजूद तीर्थयात्रियों के कदम एक पल के लिए भी नहीं डगमगाए.
क्या है इस रिकॉर्ड की वजह?
केदारघाटी से लेकर बदरीनाथ धाम तक हर तरफ केवल 'जय भोले' और 'जय बदरी विशाल' के जयकारे गूंजते रहे. राज्य सरकार के मुताबिक, इस रिकॉर्ड की सबसे बड़ी वजह बेहतर व्यवस्थाएं, सुरक्षित यात्रा और सुगम सुविधाएं हैं. मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की थीं.
श्रद्धालु के लिए सुखद और आध्यात्मिक अनुभव
यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया. इसके अलावा यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया गया. प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग के बीच दिखे समन्वय के चलते इस साल की यात्रा न केवल रिकॉर्ड-ब्रेकिंग रही, बल्कि हर श्रद्धालु के लिए सुखद और आध्यात्मिक अनुभव बनकर उभरी.
'अतिथि देवो भव:' का संकल्प सफल
पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम समेत उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास से प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को नई मजबूती मिली है. केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य, बदरीनाथ मास्टर प्लान और ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाओं से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिसका सीधा असर दिख रहा है.
'अतिथि देवो भव:' के मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए उत्तराखंड की पावन धरती ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आधुनिक अवस्थापना विकास के दम पर अध्यात्म की यह यात्रा नित नए आयाम गढ़ रही है.
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक कीर्तिमान पर जताया आभार
सीएम धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हमारा अतिथि है. राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो. सीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकसित हो रही बेहतर सुविधाओं और श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रयासों की भी सराहना की.