अंकिता भंडारी केस में बीजेपी के पूर्व विधायक से पूछताछ: CBI ने हरिद्वार आवास पर की छापेमारी
अंकिता भंडारी केस में सीबीआई ने बीजेपी के पूर्व विधायक के आवास पर छापेमारी कर गेस्ट हाउस ले गई. यहां घंटों उनसे पूछताछ की गई.
उत्तराखंड के अंकिता भंडारी केस में बड़ा अपडेट सामने आया है. सीबीआई ने अंकिता भंडारी केस के सिलसिले में हरिद्वार के BHEL में शिवालिक गेस्ट हाउस में पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की है. हालांकि, अधिकारियों ने पूछताछ के बारे में कोई फॉर्मल कन्फर्मेशन नहीं दिया है.
3 घंटे तक पूछताछ
सीबीआई ने करीब 3 घंटे तक पूर्व विधायक से पूछताछ की है. वहीं, पूर्व विधायक से पूछताछ के बाद सियासी गलियारे में हड़कंप मच गया. सीबीआई की टीम सुरेश राठौर से पूछताछ के बाद वापस लौट गई. मामले को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गईं. ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि CBI जांच कर रही है, जल्द दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. वहीं, सुरेश राठौर ने अभिनेत्री उर्मिला सनावार को जानने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि जांच को लेकर अपना पक्ष रखा है.
सीबीआई अधिकारियों से मिले माता पिता
वहीं, अंकिता भंडारी के माता-पिता ने दिल्ली में CBI मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और मामले के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी. CBI अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच निष्पक्ष और तटस्थ तरीके से की जाएगी, जिसमें मामले के हर पहलू की गहन जांच होगी.
लखनऊ विश्वविद्यालय में जुलूस निकाला गया
अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने लखनऊ विश्वविद्यालय से परिवर्तन चौक तक मशाल जुलूस निकाला. इस दौरान अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग की है.