योगी सरकार की युवाओं पर फुल फोकस: 50 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी सौगात, चुनाव से पहले क्या है तैयारी?
योगी सरकार 2022 विधानसभा चुनाव की तरह एक बार फिर से युवाओं को साधने में जुट गई है. इस बार 50 हजार छात्रों को सौगात देने जा रही है.
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश सरकार एक बार फिर युवाओं के बीच अपनी प्रमुख योजना के बड़े आयोजन के जरिये पहुंच बनाने जा रही है. स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत रविवार को लखनऊ मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे.
युवाओं पर सरकार का फोकस
चुनाव से पहले एक बार फिर से युवाओं पर फोकस करते हुए यूपी की योगी सरकार बड़े कार्यक्रम के जरिए टैबलेट बांटने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में टैबलेट का वितरण करेंगे. साल 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी बड़े आयोजन से वितरण की शुरुआत की थी. इसके साथ ही अन्य जिलों में भी शिक्षण संस्थानों के माध्यम से टैबलेट वितरण शुरू होगा. ऐसे में चुनाव से पहले युवाओं के लिए योगी सरकार का यह एक बड़ा मास्टर स्टॉक साबित हो सकता है.
सीएम योगी ने की थी शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी ने अपने पहले कार्यकाल में 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में करीब 60 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन बांटने के साथ योजना की शुरुआत की थी. वित्तीय वर्ष 2022-23 में इसे स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के रूप में अगले पांच वर्षों के लिए लागू किया गया. इसके तहत दो करोड़ युवाओं तक डिजिटल उपकरण पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. अब तक करीब 62 लाख विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं.
राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर होगा भव्य कार्यक्रम
अगस्त में कैबिनेट ने 25 लाख नए टैबलेट खरीदने की मंजूरी दी थी. अब योजना में केवल टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं. इसका लाभ स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, तकनीकी शिक्षा, नर्सिंग और पैरामेडिकल सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के पात्र विद्यार्थियों को मिलता है. 15 नवंबर को होने वाले लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के विद्यार्थी शामिल होंगे. ऐसे में इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं को सीधे फोकस में रखेगी.
यह भी पढ़ें : मंत्री संदीप सिंह ने मेघना से की सगाई: सीएम योगी ने वर-वधू को दिया आशीर्वाद, अलीगढ़ में शाही रिंग सेरेमनी