कौन हैं गुलाब सिंह अहिरवार? उरई से मायावती का बड़ा दांव, विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया
बसपा ने जालौन की उरई विधानसभा सीट के प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है. बसपा के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में जुटने की अपील की है.
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने तैयारियां तेज कर दी है. इस बीच बसपा ने उरई विधानसभा सीट से प्रत्याशी के नाम का भी ऐलान कर दिया है. बसपा ने उरई सीट से गुलाब सिंह अहिरवार को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है. इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की.
कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ा ऐलान
दरअसल, जालौन के उरई में झांसी रोड स्थित रघुवीर धाम में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और उरई विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी की घोषणा भी की गई.
बसपा सुप्रीमो मायावती ने उतारा प्रत्याशी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झांसी मंडल के मुख्य प्रभारी लालाराम अहिरवार ने उरई विधानसभा सीट से गुलाब सिंह अहिरवार को बीएसपी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया. उन्होंने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गुलाब सिंह अहिरवार को उरई विधानसभा से प्रत्याशी बनाया है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने और पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए संगठन को मजबूत करने की अपील की.
क्षेत्र का विकास प्राथमिकता रहेगी
वहीं, प्रत्याशी घोषित होने के बाद गुलाब सिंह अहिरवार ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने की बात कही. सम्मेलन के माध्यम से पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति और संगठनात्मक सक्रियता का संदेश दिया. गुलाब सिंह अहिरवार ने कहा कि चुनाव से पहले बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा.
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित उरई सीट
बता दें कि जालौन की उरई विधानसभा सीट सुरक्षित सीट है. यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है. 2017 से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा है. बीजेपी के गौरी शंकर वर्मा दो बार से विधायक हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा प्रत्याशी दयाशंकर वर्मा को हराया था. बसपा प्रत्याशी सतेंद्र प्रताप तीसरे स्थान पर थे. इस सीट पर अनुसूचित जाति (दलित) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं.
(जालौन से जितेंद्र सोनी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले- कांग्रेस 181 सीट मांग रही है तो क्या बुरा कर रही?