चंद्रशेखर आजाद के चैलेंज पर दिया जवाब: VHP बोली- बिजनौर छोड़िए, मथुरा में दम दिखाइए!
नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बीते दिनों सीएम योगी को बिजनौर से चुनाव लड़ने का चैलेंज दिया था. अब उनके चैलेंज पर विहिप ने पलटवार किया है.
उत्तर प्रदेश में चुनावी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बिजनौर की किसी भी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है. इस पर अब विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने पलटवार किया है. वीएचपी के ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने तीखा हमला बोलते हुए राजनीतिक विरोधियों को किसी अन्य जगह के बजाय सीधे मथुरा से चुनाव मैदान में उतरने की खुली चुनौती और निमंत्रण दिया है.
'मथुरा में स्वागत के लिए तैयार हैं'
कन्हैया लाल अग्रवाल ने कहा कि, मैं विरोधियों से कहना चाहते हैं कि हम मथुरा में उनके स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं. वे आएं और मथुरा से ही चुनाव लड़कर दिखाएं. उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों को मथुरा आकर चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमानी चाहिए.
'CM योगी लड़ें मथुरा से चुनाव, लड़ाई का आनंद ही अलग होगा'
वीएचपी नेता ने अपेक्षा जताई कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बार मथुरा विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ना चाहिए. कन्हैया लाल ने कहा कि "अगली मुख्य राजनीतिक लड़ाई मथुरा के नाम से ही लड़ी जानी है, यह जगजाहिर है, जब तक प्रदेश का मुखिया खुद मथुरा से मैदान में नहीं होगा, तब तक इस लड़ाई का असली आनंद नहीं आएगा. उन्होंने आह्वान किया कि दोनों पक्ष आएं और मथुरा की पावन धरा पर ही राजनीतिक चुनौती का सामना करें.
'सपने देखने का सबको अधिकार'
विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में सपने देखने का अधिकार हर किसी को है. चाहे कोई दरी बिछाने की बात करे या नेतागिरी की, लेकिन आखिरकार जिसका जो मूल काम है, उसे वही करना पड़ेगा और भविष्य के गर्त में क्या छिपा है, यह समय तय करेगा.
चंद्रशेखर ने क्या चैलेंज दिया था?
बता दें कि बीते दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद चंद्रशेखर आजाद ने सीएम योगी को बिजनौर से चुनाव लड़ने का चैलेंज दिया था. चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर में उनके सामने जाकर चुनाव लड़ा था. मैं ऐलान करके कहता हूं कि बिजनौर जिले में 2 रिजर्व और 6 सामान्य सीट हैं. सीएम योगी किसी भी सीट पर चुनाव लड़ लें.
(मथुरा से कन्हैया लाल शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : श्रद्धा दुबे की सौतेली मां और पिता से पूछताछ: रायबरेली में घर पर पहुंची पुलिस, लखनऊ वाला फ्लैट सील