)
जयपाल/वाराणसी: कौशांबी के बाद अब वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट होने के बाद दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया. मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है. दो लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है. धमाका इतनी जोर था कि आसपास के मकानों में भूकंप जैसे झटके महसूस हुए.
दो मंजिला मकान ढहा
जानकारी के मुताबिक, सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंग तालाब इलाके में एक मकान में अवैध पटाखा बनाए जा रहे थे. गुरुवार को अचानक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट हो गया. इससे दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया. जोरदार धमाके के बाद पूरा इलाका दहल उठा. स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाकों में लोगों को भूकंप जैसा तेज झटके महसूस हुए. मकान के मलबे के नीचे एक महिला के दबे होने की आशंका है, जिससे निकाला जा रहा है.
एटीएस को भी मौके पर बुलाया गया
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. और मलबे से अब तक 2 घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है. राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया है. वहीं, पूरे मामले की जांच के लिए ATS की टीम भी पहुंच गई. रेस्क्यू टीमें मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर कर रही हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी की इस घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के घरों और दुकानों के लोग सहमकर बाहर निकल आए. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ब्लास्ट के सटीक कारणों और अवैध पटाखा निर्माण से जुड़े नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने बताया कि मलबा हटाने का काम किया जा रहा है. दो लोगों को घायलों अस्पताल पहुंचाया गया है.