UP Weather Alert: यूपी में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है. जहां एक तरफ पश्चिमी यूपी में बुधवार को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज बारिश होने की कोई उम्मीद नहीं है. हालांकि, 14 अक्टूबर के लिए पूरे प्रदेश में भारी बारिश होने का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 16 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है. 15 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने के आसार दिख रहे हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है. जबकि, झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की उम्मीद है. मौसम विभाग का कहना है कि आज पूर्वी यूपी में बारिश होने की कोई उम्मीद नहीं है. यहां 16 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है.
दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि 15 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश, गरज-चमक के सााथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. जबकि, पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है. 16 अक्टूबर को प्रदेश के दोनों संभागों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है. अब अगर तापमान की बात करें तो अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और इसके बाद इतनी ही बढ़ोतरी होने के आसार हैं.
सबसे कम कहां रहा तापमान?
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी यूपी और उसके आसपास के इलाकों के ऊपर समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. 24 घंटे में पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहा और यूपी के पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई. सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान फतेहपुर और आगरा में 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि, हरदोई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
राजधानी में डेंगू का प्रकोप
उधर, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बारिश से तो लोगों को राहत मिली है, लेकिन डेंगू ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है. राजधानी में ठंड लगकर बुखार व प्लेटलेट्स में कमी के लक्षण दिखने पर मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हो रही है. आकड़ों की बात करें तो लोहिया संस्थान, केजीएमयू, बलरामपुर अस्पताल समेत चार बड़े अस्पतालों में डेंगू से पीड़ित 34 मरीज भर्ती किए गए हैं.
डेंगू के खतरे के बीच रहें सावधान
वहीं, बारिश होने की वजह से गोमती नदी में जलस्तर बढ़़ गया. जिसके बाद कई इलाकों में जगह-जगह पानी जमा है. जिसके चलते मच्छरों के पनपने का खतरा मंडरा रहा है. यही वजह है कि आने वाले दिनों में डेंगू के मामलों और बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है.
जानकारों का कहना है कि तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, मतली, पेट में तेज दर्द, बार-बार उल्टी, मसूड़ों या नाक से खून आना, अत्यधिक थकान, कमजोरी या बैचेनी होने पर सतर्क रहें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.