)
उत्तर प्रदेश में ठंड ने धीरे-धीरे अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं. सुबह के वक्त हल्की सिहरन और दिन में खिलखिलाती धूप ने लोगों को एक सुहावना मौसम गिफ्ट किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभागों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है. अगले कुछ दिनों तक बारिश का दूर-दूर तक कोई नामोनिशान नहीं है.
यूपी के मौसम का ताजा हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 12 नवंबर को सुबह के समय प्रदेश के कई हिस्सों में छिछले से मध्यम कोहरे और धुंध देखने को मिली. विजिबिलिटी के मामले में बरेली सबसे आगे रहा, जहां बुधवार को न्यूनतम दृश्यता गिरकर महज 200 मीटर तक दर्ज की गई. राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में भी सुबह कुहासा छाया रहा, जिसके बाद दिन में हल्की धूप और धुंध का असर देखने को मिला. गुरुवार को भी यहां मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है.
मौसम विभाग की मानें तो लखनऊ में आज अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
जानिए तापमान का हाल
अब अगर प्रदेश के तापमान पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया है. मंगलवार को बहराइच और झांसी सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हरदोई में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है.
इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 13.2°C और बरेली में 13.4°C न्यूनतम तापमान के साथ अच्छी-खासी सिहरन महसूस की जा रही है. वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और मेरठ मंडलों में भी रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है.
अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक हफ्ते तक पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम शांत और शुष्क रहने के आसार हैं. 12 से 13 नवंबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. सुबह के समय कुछ चुनिंदा जगहों पर छिछला कोहरा या कुहासा छाए रहने की संभावना है. 14 से 15 नवंबर को भी बादलों की लुकाछिपी के बजाय आसमान साफ और शुष्क बना रहेगा. सुबह हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं हैं. विभाग ने इन दिनों के लिए भी कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
मौसम विभाग का कहना है कि 16 से 17 नवंबर को भी मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान स्थिर बने रहेंगे और पूरे प्रदेश में धूप खिली रहेगी. कुल मिलाकर यह हफ्ता गुलाबी ठंड और सुहाने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए एकदम परफेक्ट है.