UP School Closed: यूपी में एमएलसी की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग पड़ेगी. यूपी के कई जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. राजधानी लखनऊ में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश रहेगा. गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, वाराणसी और मेरठ में भी छुट्टी का ऐलान किया गया है.
गाजियाबाद में बीएसए की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले के सभी स्कूल और कॉलेज 23 अक्टूबर को बंद रहेंगे. उत्तर प्रदेश विधान परिषद की मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के चलते यह फैसला लिया गया है. नर्सरी से 12वीं तक के स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा.
वहीं, लखनऊ में भी इसी तरह का आदेश जारी किया गया है. बीएसए विपिन कुमार और डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय ने डीएम के निर्देश पर 23 अक्टूबर को अवकाश का ऐलान किया है. उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का शुक्रवार को मतदान है. ऐसे में प्राइमरी, नर्सरी से लेकर सभी बोर्ड के स्कूल बंद रहेंगे. आदेश का पालन कड़ाई से कराने के निर्देश दिए गए हैं.
गौतमबुद्ध नगर में भी इसी तरह का आदेश जारी किया गया है. एमएलसी चुनाव को देखते हुए जिले में 23 अक्टूबर को होने वाले मेरठ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के चलते सभी स्कूल कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है. इसका लाभ उन्हीं मतदाताओं को मिलेगा, जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकृत हैं. साथ ही मतदान के लिए पात्र हैं. इसे जिले के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों के लिए सामान्य छुट्टी नहीं माना जाना चाहिए.
वाराणसी में दो दिनों की छुट्टी का ऐलान किया गया था. 22 और 23 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया था. यहां भरत मिलाप और MLC चुनाव के चलते 22 और 23 अक्टूबर को भी स्कूल बंद रहेंगे.
मुरादाबाद में भी नर्सरी से 12वीं तक स्कूल बंद रहेंगे. बता दें कि यूपी एमएलसी चुनाव के लिए कल सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग पड़ेगी.
एमएलसी चुनाव को लेकर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. साथ ही शराब की दुकानें भी बंद करने का आदेश दिया गया है. शराब की दुकानें 27 अक्टूबर को भी बंद रहेंगे. उस दिन एमएलसी चुनाव की काउंटिंग होनी है.