'वर्दी' की चाहत में शॉर्टकट: मुरादाबाद में दौड़ लगाने पहुंची फर्जी अभ्यर्थी, 1 गलती ने खोल दिया राज; पहुंची सीधे जेल
UP Police Constable Physical Test Fraud: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में दूसरी अभ्यर्थी की जगह दौड़ लगा रही युवती को पुलिस ने पकड़ा है. पुलिस ने गिरफ्तार युवती को भेजा जेल दूसरे की तलाश शुरू कर दी है. एसपी सिटी मुरादाबाद के मुताबिक, दूसरा आरोपी डिफेंस में है. इसी ने अपनी बहन की जगह दौड़ लगवाने के लिए संपर्क किया था.
UP Police Constable Physical Test Fraud/ आकाश शर्मा: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान धांधली और जालसाजी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. मुरादाबाद के 9वीं वाहिनी पीएसी मैदान में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) के दौरान एक फर्जी महिला अभ्यर्थी को रंगे हाथों पकड़ा गया है. पकड़ी गई युवती लिखित परीक्षा में फेल हो चुकी थी, लेकिन फर्जी दस्तावेज तैयार कर दौड़ में हिस्सा लेने पहुंच गई थी.
9 अंकों ने खोला फर्जीवाड़े का राज
यह घटना गुरुवार सुबह करीब 6:45 बजे की है. अमरोहा जिले के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम कारहट (रामहट) की रहने वाली कुमारी साहिबा 9वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड के एंट्री गेट पर पहुंची. उसने एंट्री गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपना एडमिट कार्ड दिखाया. जब जवानों ने एडमिट कार्ड की पड़ताल की, तो उन्हें रोल नंबर पर संदेह हुआ. नियम के अनुसार रोल नंबर 10 अंकों का होना चाहिए था, जबकि साहिबा के एडमिट कार्ड पर सिर्फ 9 अंक ही थे.
मुरादाबाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि एडमिट कार्ड संदिग्ध लगने पर जब पुलिसकर्मियों ने उससे सख्ती से पूछताछ की, तो युवती घबरा गई. इसके बाद भर्ती बोर्ड के मूल डेटाबेस से जब उसके दस्तावेजों का मिलान किया गया, तो पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हो गया.
किसने तैयार किया था फर्जी प्रवेश पत्र?
मुरादाबाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक, पूछताछ में साहिबा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया कि वह पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा में फेल हो गई थी. खाकी वर्दी पहनने की धुन में उसने जालसाजी का रास्ता चुना. साहिबा ने बताया है कि इस साजिश में बरेली की उसकी सहेली अस्मिता मलिक के भाई कादिर हुसैन ने उसकी मदद की थी.
डिफेंस में कार्यरत है दूसरा आरोपी
मुरादाबाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि आरोपी कादिर हुसैन डिफेंस में कार्यरत है. कादिर ने ही एडिटिंग के ज़रिए फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया और उसे व्हाट्सएप पर भेजा था, जिसे प्रिंट कराकर साहिबा दौड़ लगाने पहुंच गई थी. फिलहाल, फर्जी अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. थाना सिविल लाइंस में साहिबा और फर्जी एडमिट कार्ड तैयार करने वाले कादिर हुसैन के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस फर्जीवाड़े में कोई बड़ा गिरोह शामिल है या कादिर हुसैन ने पहले भी इस तरह के फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं?